हरी पत्तेदार सब्जियों में सबसे पहले जिस सब्जी का नाम याद आता है, वह है पालक। जी हां, यही पालक हेल्थ के लिए काफी बेहतर होता है। इसमें विटामिन A, C, K, E सहित कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो इम्यूनिटी को बढ़ाने में मदद करते हैं।
वहीं, आज के समय में मिलावट के इस दौर में कई लोग अपने घर पर ऑर्गेनिक सब्जियां उगाने लगे हैं। ऐसे में आप भी अपने घर पर ही पालक को आसानी से उगा सकते हैं। आप गमले में भी पालक की फार्मिंग कर सकते हैं। इस आर्टिकल में हम आपको कुछ खास विधियां बताने वाले हैं, जिनकी मदद से आप घर पर ही ताजी पालक उगा सकते हैं।
पालक के लिए गमले या कंटेनर का करें चयन
पालक लगाने के लिए आप सबसे पहले कंटेनर या गमले का चयन करें। इसके बाद नीचे छेद कर लें, जिससे इसमें पानी न रुके। अब इसके लिए मिट्टी को तैयार करें। मिट्टी में गोबर की खाद या कम्पोस्ट मिला सकते हैं, इससे पालक तेजी से बढ़ता है।
बीज को करें तैयार
पालक की खेती करने के लिए मिट्टी के बाद बीज तैयार करने होंगे। इसके लिए पालक के बीजों को 12 घंटे तक पानी में भिगोकर रखें। इससे पालक जल्दी अंकुरित हो जाता है। अब इसे 1–1.5 इंच की दूरी पर लगाएं और बीज को ऊपर से हल्की मिट्टी डालकर ढक दें। लगाने के बाद कुछ समय तक इसे छांव में रखें। इसके बाद आप इसे छत पर भी रख सकते हैं।
इतने दिन में तैयार होगी फसल
पालक के पौधे को तैयार होने में लगभग 25–30 दिन का समय लगता है। इसके बाद आप इससे पत्ते तोड़ सकते हैं। अगर आप लंबे समय तक पालक चाहते हैं, तो इसे जड़ से न उखाड़ें। पत्तियों को काटें। ऐसा करने से नई पत्तियां लगातार निकलती रहेंगी और पैदावार दोगुनी हो जाएगी।