अनार सेहत के लिए बेहद फायदेमंद फल है। इसके सेवन से आपको एक साथ कई लाभ मिल जाते हैं। इसके अलावा अनार का स्वाद भी अधिकतर लोगों को खूब पसंद आता है। हालांकि, अनार के साथ एक परेशानी की बात यह होती है कि बाजार में ये फल बेहद महंगे दाम पर मिलता है। पोषक तत्वों से भरपूर होने के चलते बाजार में अनार की डिमांड हाई होती है और यही वजह है कि इसकी कीमतें अच्छी-खासी बनी रहती हैं।

ऐसे में अगर आप अधिर पैसे खर्च न करते हुए अनार का स्वाद लेना चाहते हैं, तो आप घर पर ही इसका पौधा लगा सकते हैं। अधिक कमाल की बात यह है कि इसके लिए आपको ज्यादा जगह की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।

दरअसल, बेहद कम लोग जानते हैं कि आप गमले में अनार का पौधा लगा सकते हैं। आइए जानते हैं इसके लिए सही तरीका क्या है, साथ ही जानेंगे पौधा लगाने के कितने समय बाद अनार का फल आने लगता है-

गमले में कैसे लगाएं अनार का पौधा?

  • इसके लिए बाजार से एक अच्छा अनार खरीदकर ले आएं। आप इसे चखकर देख सकते हैं। अनार पूरी तरह पका होना चाहिए, साथ ही पूरी तरह हेल्दी होना चाहिए।
  • अनार से दाने निकाल लें। इसके बाद इन दानों को एक लोहे की छन्नी पर रखकर हाथों की मदद से मसल लें।
  • ऐसा करने से छन्नी पर अनार के बीज रह जाएंगे और इसका जूस छनकर निकल जाएगा।
  • इन बीजों को धूप में दो दिन के लिए सूखा लें।
  • अब, मिट्टी तैयार करने के लिए 50% वर्मी कम्पोस्ट में 50% कोकोपीट मिलाएं।
  • तैयार मिश्रण को छोटे छेद वाले गमले में भर लें।
  • इसके बाद गमले में तैयार अनार के बीज डालें और फिर हल्के पानी का छिड़काव कर लें।
  • मिट्टी में नमी को बनी रहे, केवल इसी हिसाब से इसमें पानी देते रहें। साथ ही गमले को ऐसी जगह रखें जहां इसे हल्की धूप और छांव दोनों मिल सके।
  • इतना करने पर 28 से 30 दिनों में मिट्टी में पौधा उगना शुरू हो जाएगा।
  • अब, पौधे को छोटे गमले से निकालकर इसे बड़े गमले में ट्रांसफर कर दें। ध्यान रहे आपको पौधों को खींचना नहीं है। जड़ों को संभालते हुए बहुत धीरे से पौधे को निकालें और बड़े गमले में लगा लें।
  • गमले को ऐसी जगह रखें जहां इसे सुबह की धूप मिल सके। इसके अलावा मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए इसमें पानी भी डालते रहें।
  • आपको पौधे को बहुत अधिक पानी नहीं देना है। केवल ऊपर की मिट्टी हल्की सूखी नजर आने पर ही पानी दें।
  • इस तरह आप बेहद आसानी से गमले में अनार का पेड़ लगा सकते हैं।

पौधा लगाने के कितने समय आता है अनार?

बता दें कि अनार का पौधा लगाने और सही तरीके से इसकी देखभाल करने पर 2 से 2.5 साल बाद इसमें फल आने शुरू हो जाते हैं।