मोगरे के पौधे को मनमोहक फूलों और खुशबू के लिए जाना जाता है। इसे लगाने से घर की शोभा बढ़ती है और इससे आने वाली भीनी-भीनी खुशबू पूरे वातावरण को सुगंधित बना देती है। अगर आप भी अपने घर को सुगंधित और हरियाली से भरपूर बनाना चाहते हैं, तो बालकनी या छत पर मोगरे का पौधा लगा सकते हैं।

मोगरे का पौधा कैसे लगाएं?

  • मोगरे का पौधा लगाने के लिए सबसे पहले सही गमले का चयन करें। आप 12–15 इंच गहराई वाला गमला ले सकते हैं। इसके बाद उसमें पानी निकलने के लिए एक छेद कर दें।
  • मोगरे के पौधे के लिए मिट्टी काफी महत्वपूर्ण होती है। इसके लिए हल्की और उपजाऊ मिट्टी सबसे अच्छी मानी जाती है। आप मिट्टी में रेत और खाद भी मिला सकते हैं। इससे पौधे को लगातार पोषण मिलता रहेगा।
  • अब गमले में पौधा लगाएं। सबसे पहले गमले में 2–3 इंच मिट्टी डालकर एक छोटा गड्ढा बनाएं। फिर मोगरे के पौधे को उसके पुराने गमले से निकालकर उसकी जड़ों को गड्ढे में डालें और चारों ओर मिट्टी भर दें। मिट्टी डालने के बाद इसे हल्के हाथों से दबा दें।
  • पौधे को गमले में लगाने के बाद पानी डालें। ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न हो। आप सप्ताह में दो से तीन बार ही पानी डालें।
  • पौधा लगाने के बाद गमले को सुबह के समय धूप में जरूर रखें। साथ ही, हर 2-3 महीने में जैविक खाद या कंपोस्ट डालें। इससे पौधे की ग्रोथ बेहतर होती है।