गेंदे के फूल को पूजा-पाठ से लेकर सजावटी कामों में उपयोग किया जाता है। वैसे भी, कुछ ही दिनों में देश में त्योहारी सीजन की शुरुआत हो रही है। दशहरा से लेकर दुर्गा पूजा और यहां तक कि दिवाली और छठ तक लोग पूजा-पाठ में गेंदे के फूल का उपयोग करते हैं।

कई लोग इसे मार्केट से खरीदकर उपयोग करते हैं। हालांकि, आप इसे घर पर ही गमले में आसानी से उगा सकते हैं। इससे आपके घर और बालकनी की शोभा भी बढ़ जाएगी। इसकी केयर करना काफी आसान होता है। ऐसे में अगर आप भी गेंदे के फूल को घर पर ही लगाना चाहते हैं, तो यहां बताए गए कुछ टिप्स को फॉलो कर सकते हैं।

पौधा लगाने के लिए गमले का करें चुनाव

गेंदे का पौधा लगाने के लिए आप सबसे पहले गमले का चयन करें। आप इसके लिए 8-10 इंच गहरा गमला ले सकते हैं। इसके बाद आप इसमें हल्की और भुरभुरी मिट्टी डालें। वहीं, मिट्टी को उपजाऊ बनाने के लिए आप गोबर की खाद और थोड़ी रेत भी मिला सकते हैं।

बीज से कैसे उगाएं गेंदे का पौधा

गेंदे के पौधे को आप बीज और पौधे दोनों से आसानी से उगा सकते हैं। अगर आप बीज से पौधा उगा रहे हैं, तो गमले की मिट्टी में 1-2 सेंटीमीटर गहराई पर बीज डालें और हल्की मिट्टी से ढक दें। इसके बाद ऊपर से पानी डाल दें। आप इसका पौधा सीधे नर्सरी से खरीदकर भी लगा सकते हैं।

गेंदे के पौधे की देखभाल कैसे करें?

गेंदे के पौधे को अधिक देखभाल की जरूरत नहीं होती है। हालांकि, इस पौधे को धूप काफी पसंद है। इसे हर रोज करीब 5-7 घंटे की धूप की जरूरत होती है। ऐसे में आप गमले को छत या बालकनी में रख सकते हैं। इस पौधे को पानी की अधिक जरूरत होती है, इसलिए इसमें नियमित तौर पर पानी डालें। साथ ही इस बात का ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न हो।

समय-समय पर डालें खाद

गेंदे के पौधे में समय-समय पर खाद डालना जरूरी है। इससे फूल तेजी से आते हैं। वहीं, पौधे पर फूल आने पर इन्हें तोड़ सकते हैं। इससे नए फूल जल्दी खिलते हैं। इसे कीड़ों से बचाने के लिए आप नीम का तेल या हल्के कीटनाशक का छिड़काव कर सकते हैं।