Tips to grow Bottle Gourd : कई लोगों को घर पर ही गार्डनिंग करने का शौक होता है। वह घर पर फूलों के साथ-साथ कई तरह की सब्जियों को भी लगाते हैं। वैसे भी गार्डेनिंग घर को काफी खूबसूरत बनाता है और इसमें चार चांद लगाता है। कई लोग अपने घर के छत, आंगन या फिर बालकनी में ही गमले में फूलों या फिर अन्य चीजों को लगाते हैं।
घर पर कैसे उगाएं लौकी?
अगर आप भी अपने घर पर गमले में गार्डनिंग करने का प्लान कर रहे हैं और खास कर उसमें लौकी लगाना चाहते हैं तो यह लेख आपके लिए है। इस लेख में हम आपको घर पर ही आसानी से लौकी लगाने के बारे में बताएंगे। इस लेख में बताए गए कुछ टिप्स को फॉलो कर आप आसानी से इसको घर पर उगा सकते हैं।
मिट्टी को करें तैयार
गमले में लौकी उगाने के लिए आपको सबसे पहले मिट्टी को तैयार करना होगा। मिट्टी को उपजाऊ बनाने के लिए आप उसमें गोबर की खाद या जैविक खाद को भी डाल सकते हैं। मिट्टी तैयार होने के बाद आप इसमें बीज को डालें। हालांकि, बीज को मिट्टी में डालने से एक दिन पहले तक उसको पानी में भिगोकर रख दें। लौकी के बीज को एक से दो इंच की गहराई पर ही बोएं।
पानी और धूप का रखें ख्याल
गमले में लौकी को उगाने के लिए सबसे जरूरी है समय-समय पर पानी देना और इसको धूप में रखना। लौकी के गमले को हमेशा धूप वाली जगह पर ही रखें। यह पौधे के लिए काफी अच्छा होता है। वहीं, लौकी के पौधे में आप सुबह और शाम दोनों समय पानी दे सकते हैं। हालांकि, पानी देने से पहले गमले से पानी निकल रहा है या नहीं, यह सुनिश्चित करना जरूरी होता है।
इस तरह करें देखभाल
लौकी के पौधे को देखभाल की काफी जरूरत होती है। लोकी जब बड़ा होने लगे तो इसमें दो से तीन सप्ताह में जैविक खाद को डालना चाहिए। लौकी पर कई बार कीड़े भी लगते हैं, ऐसे में आप इसपर नीम के तेल को भी छिड़क सकते हैं। इस तरह आप घर पर ही गमले में लौकी को उगा सकते हैं।