Aparajita Plant: अपराजिता का पौधा अपने सुंदर नीले फूलों और घास जैसी लताओं के लिए जाना जाता है। यही कारण है कि लोग इसे अपने घरों में भी लगाते हैं। अपराजिता पर खिले फूल घर की शोभा को बढ़ाते ही हैं, साथ ही कई लोग इन फूलों से चाय भी बनाते हैं। इसके फूलों से बनी चाय पीने से कई तरह के फायदे होते हैं। ऐसे में आप भी अपराजिता के पौधे को आसानी से गमले में लगा सकते हैं। इस पौधे को अधिक देखभाल की जरूरत भी नहीं होती है।
गमले का करें चयन
अपराजिता के पौधे को लगाने के लिए सबसे पहले सही गमले का चयन करें। इसके लिए हल्का गहरा और चौड़ा गमला बेहतर होता है। आप 18–24 इंच वाला गमला भी इसके लिए ले सकते हैं। अब गमले के नीचे के हिस्से में एक छेद कर दें, जिससे अतिरिक्त पानी आसानी से निकल जाए।
गमले में मिट्टी भरें
अब आप गमले में मिट्टी डालें। उपजाऊ मिट्टी के उपयोग से पौधे की ग्रोथ तेजी से होती है। इसलिए पौधा लगाने के लिए उपजाऊ मिट्टी का ही चयन करें। आप मिट्टी में गोबर की खाद या वर्मी कंपोस्ट डालकर भी उसे और उपजाऊ बना सकते हैं।
गमले में पौधा लगाएं
गमले में मिट्टी डालने के बाद अब आप इसमें पौधा लगा सकते हैं। इसके लिए पौधा किसी पास की नर्सरी से खरीदें। पौधा लगाने के बाद इसमें हल्का पानी दें, ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे।
अपराजिता के पौधे की केयर कैसे करें
- अपराजिता के पौधे को धूप पसंद होती है। ऐसे में पौधे को गमले में लगाने के बाद ऐसी जगह रखें, जहां पर्याप्त धूप आती हो। आप गमले को छत या बालकनी में भी रख सकते हैं। सर्दी के मौसम में इसमें अधिक पानी न दें।
- वैसे तो अपराजिता का पौधा पूरे साल फूल देता है, लेकिन कई बार इसके पौधे पर फूल नहीं खिलते। ऐसे में आप समय-समय पर पौधे की छंटाई करें। इससे पौधे की ग्रोथ तेजी से होती है। इसके अलावा, पौधे में समय-समय पर लिक्विड फर्टिलाइजर भी डाल सकते हैं।
