बारिश के मौसम के बाद घरों में छोटे-छोटे कीड़ों का आतंक बढ़ना एक सामान्य समस्या है। मक्खियां इस दौरान ज्यादा परेशान करने लगती हैं क्योंकि बारिश के कारण घरों में नमी बढ़ जाती है। ऐसे में गंदगी के कारण मक्खियों के प्रजनन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनती हैं।

वहीं, घर में इधर-उधर भिनभिनाती हुई मक्खियों से बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में इनसे निजात पाना बेहद जरूरी हो जाता है। इसी कड़ी में डिजिटल कंटेंट क्रिएटर शशांक अलशी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में शशांक ने घर में मौजूद मक्खियों से छुटकारा पाने की कुछ आसान टिप्स बताई हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में-

घर को साफ रखें

मक्खियों से निजात पाने के लिए साफ-सफाई बेहद जरूरी है। ऐसे में घर को नियमित रूप से साफ रखें और खासकर खाने की चीजों को ढककर रखें। साथ ही घर में मक्खियों को आकर्षित करने वाली चीजों जैसे कि गंदे पानी, कचरे, और गंदे बर्तनों को जमा न होने दें।

एसी

शशांक अलशी बताते हैं, मक्खियों को भगाने के लिए आप AC को चलाकर रख सकते हैं। इससे घर की नमी तो कम होती ही है, साथ ही ठंडे वातावरण के चलते मक्खियां उधर ज्यादा देर तक टिक भी नहीं पाती हैं।

नमक और काली मिर्च

मक्खियों को भगाने के लिए एक स्प्रे बोतल को पानी से भर लें। इसमें थोड़ी मात्रा में नमक और काली मिर्च मिलाएं और इसे जगह-जगह स्प्रे कर लें। इससे भी घरों में इधर-उधर मक्खियां नहीं भिनभिनाती हैं।

अदरक

इन सब से अलग आप एक कटोरी पानी में एक चम्मच अदरक के पाउडर को मिलाकर इसे भी घर में स्प्रे कर सकते हैं। इससे भी मक्खियां घर से दूर हो सकती हैं। ऐसे में आप इन आसान ट्रिक्स को आजमाकर देख सकते हैं।