सर्दियों में सबसे अधिक परेशानी कपड़े सुखाने को लेकर होती है। दरअसल, ठंडी हवा, नमी और धूप की कमी के कारण गीले कपड़े कई दिनों तक नहीं सूखते हैं, जिससे उनमें सीलन और बदबू आने लगती है। वहीं, छोटे घरों और फ्लैट्स में रहने वालों के लिए यह समस्या और भी बढ़ जाती है। हालांकि, आप कुछ स्मार्ट और आसान उपायों को फॉलो करके ठंड में भी गीले कपड़ों को बिना धूप के जल्दी सुखा सकते हैं।
कपड़ों को सही तरह से निचोड़ें
सर्दियों में कपड़ों को जल्दी सुखाने के लिए धोने के बाद उनमें से अतिरिक्त पानी निकालना जरूरी होता है। ऐसे में अगर आप हाथ से कपड़े धो रहे हैं, तो उन्हें अच्छी तरह निचोड़कर पानी निकाल लें। वहीं, अगर आप वॉशिंग मशीन का उपयोग कर रहे हैं, तो स्पिन मोड से कपड़ों को अच्छी तरह सुखा लें। इससे कपड़ों से अतिरिक्त पानी आसानी से निकल जाता है।
कपड़ों को हवादार जगह पर फैलाएं
- कपड़े धोने के बाद उन्हें हवादार जगह पर फैलाना जरूरी होता है। इससे कपड़ों पर लगातार हवा लगती रहती है, जिससे नमी जल्दी उड़ जाती है। ऐसे में आप कपड़ों को खिड़की या दरवाजे के पास भी टांग सकते हैं।
- कपड़े जल्दी सुखाने के लिए आप पंखे का भी उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए कपड़ों को पंखे के नीचे फैलाएं या फिर कपड़ों के सामने पंखा चला दें। इससे हवा की गति बढ़ जाती है और कपड़े जल्दी सूखते हैं।
रूम हीटर का करें उपयोग
कपड़े जल्दी सुखाने के लिए आप रूम हीटर का उपयोग भी कर सकते हैं। इसके लिए कपड़ों को कमरे में फैलाकर रूम हीटर चला दें। इससे कमरे का तापमान हल्का गर्म रहता है, जिससे कपड़े जल्दी सूखते हैं। हालांकि, कपड़े फैलाते समय इस बात का ध्यान रखें कि वे हीटर के बहुत पास न हों।
