Kitchen Utensils Cleaning: किचन घर का सबसे खास हिस्सा होता है, जहां सबके लिए खाना बनाया जाता है। वहीं, किचन में पूरे दिन बर्तनों का कई बार उपयोग किया जाता है, जिसके कारण इस पर तेल, मसाले और यहां तक कि धुएं की परत जम जाती है, जिससे नए बर्तन भी काले पड़ जाते हैं।

दरअसल, काले पड़े बर्तन देखने में काफी खराब लगते हैं। वहीं, कई लोग इन बर्तनों को क्लीन करने के लिए तरह-तरह के उपाय फॉलो करते हैं। कुछ लोग तो इन्हें क्लीन करने के लिए केमिकल का भी उपयोग करते हैं, जिससे नुकसान होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में हम आपके लिए कुछ आसान हैक्स लेकर आए हैं, जिनकी मदद से आप काले और पीले पड़े बर्तनों को आसानी से साफ कर सकते हैं।

काले और पीले बर्तनों को कैसे करें क्लीन?

नींबू और नमक से धोएं बर्तन

काले और पीले पड़े बर्तनों को साफ करने के लिए आप नींबू और नमक का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले एक नींबू काटें। अब इस पर नमक लगाकर बर्तन पर रगड़ें। कुछ समय के लिए ऐसे ही छोड़ दें। इसके बाद बर्तन को डिश वॉश की मदद से धो लें। इससे पुराने बर्तनों की चमक वापस लौट जाएगी।

बेकिंग सोडा का करें उपयोग

बर्तनों की डीप क्लीनिंग के लिए आप बेकिंग सोडा का उपयोग कर सकते हैं। इससे बर्तन की गंदगी आसानी से हट जाती है। बेकिंग सोडा से बर्तन को साफ करने के लिए सबसे पहले बर्तन पर हल्का पानी डालें और इस पर बेकिंग सोडा छिड़क दें। कुछ समय तक ऐसे ही रहने दें। अब स्क्रबर से रगड़कर साफ करें। अगर बर्तन पर जिद्दी दाग लगे हों तो बेकिंग सोडा और पानी से पेस्ट बनाएं और बर्तन पर लगाकर रात भर छोड़ दें। इसके बाद सुबह डिश वॉश की मदद से साफ कर लें।

टूथपेस्ट का उपाय

बर्तन को साफ करने के लिए आप टूथपेस्ट का भी उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए बर्तन पर टूथपेस्ट लगाएं और ब्रश से रगड़ते हुए साफ करें। इस तरह बर्तन की खोई चमक वापस आ जाएगी।

राख से चमकाएं बर्तन

पुराने समय में बर्तन की सफाई राख से की जाती थी। यह पारंपरिक और सबसे किफायती तरीका है। इसके उपयोग से बर्तन पर जमी चिकनाई भी हट जाती है। इसके लिए राख में हल्का पानी डालकर गीला करें और बर्तन पर रगड़ें। इससे पीतल, तांबे और स्टील के बर्तनों की सफाई आसानी से हो जाती है।

टमाटर के पेस्ट से करें क्लीन

बर्तन पर लगे जिद्दी दाग हटाने के लिए आप टमाटर के पेस्ट का भी उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए एक टमाटर को मिक्सी में पीस लें। अब स्क्रबर की मदद से इसे बर्तन पर लगाएं। कुछ समय तक हल्के हाथों से रगड़ें और करीब 10–12 मिनट तक छोड़ दें। इसके बाद साफ पानी से धो लें। इस तरह बर्तन की चमक वापस आ जाएगी।