How to Clean Copper Utensils: किचन में तांबे के बर्तनों का बड़े पैमाने पर उपयोग होता है। हालांकि, समय के साथ उनकी चमक फीकी पड़ जाती है। कई बार इन पर दाग-धब्बे और काली परत जम जाती है, जिसके कारण इनकी सुंदरता भी कम हो जाती है।

वहीं, इन बर्तनों को साफ करने के लिए लोग मार्केट से केमिकल वाले प्रोडक्ट का उपयोग करते हैं, लेकिन कई बार इनके उपयोग से बर्तन खराब भी हो जाते हैं। अगर आपके घर में भी तांबे के बर्तन हैं, तो आप इन्हें आसानी से साफ कर सकते हैं। इस आर्टिकल में कुछ टिप्स दिए गए हैं, जिनकी मदद से तांबे के बर्तनों की पुरानी चमक वापस लौट आएगी।

नींबू और नमक से करें क्लीन

तांबे के काले बर्तनों को साफ करने के लिए आप नींबू और नमक का उपयोग कर सकते हैं। इन दोनों का मिश्रण इस पर लगे दाग को हटाने में काफी असरदार होता है। इसका उपयोग करने के लिए सबसे पहले एक नींबू को बीच से काट लें। अब इस पर नमक छिड़कें और तांबे के बर्तन पर अच्छे से रगड़ें। इससे कुछ ही मिनटों में तांबे के बर्तनों से काली परत धीरे-धीरे हटने लगेगी। अब आप इसे साफ पानी से धो लें।

बेकिंग सोडा-सिरका का मिश्रण

बर्तनों को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा और सिरका का मिश्रण काफी कारगर होता है। इसके लिए एक कटोरी में बेकिंग सोडा और सिरका बराबर मात्रा में मिलाकर एक पेस्ट बनाएं। अब आप इसे बर्तन पर लगाकर हल्के हाथों से रगड़ें। इसके बाद बर्तन को साफ पानी से धोकर सुखा लें। इस तरह बर्तनों की चमक वापस लौट आएगी।

इमली से करें क्लीन

बर्तनों को साफ करने के लिए इमली का भी उपयोग किया जाता है। दरअसल, इसमें नेचुरल एसिड होते हैं, जो बर्तन पर लगी गंदगी को हटाने में मदद करते हैं। इसके लिए सबसे पहले कुछ समय के लिए इमली को पानी में भिगोएं। अब आप इसे तांबे के बर्तन पर लगाकर ब्रश की मदद से रगड़ें। इस उपाय से पुराने से पुराने दाग आसानी से हट जाएंगे।