भारतीय घरों में तांबे और पीतल के बर्तनों का उपयोग सदियों से पूजा-पाठ से लेकर किचन तक होता रहा है। ये बर्तन पारंपरिक तो होते ही हैं, साथ ही हेल्थ के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं। हालांकि, समय के साथ इन बर्तनों पर जमी गंदगी और नमी के कारण इनकी चमक काफी फीकी पड़ने लगती है।

कई बार तो तांबे और पीतल के बर्तन इतने काले हो जाते हैं कि उन्हें आसानी से साफ करना काफी मुश्किल हो जाता है। हालांकि, कुछ लोग इन्हें साफ करने के लिए केमिकल वाले क्लीनर का उपयोग करते हैं, जिससे बर्तनों के खराब होने का डर बना रहता है। लेकिन आप इसके लिए कुछ आसान घरेलू उपाय भी फॉलो कर सकते हैं। इन उपायों से तांबे और पीतल के बर्तनों की चमक पहले की तरह वापस आ जाएगी।

नमक और नींबू का करें उपयोग

तांबे और पीतल के बर्तनों को साफ करने के लिए आप नमक और नींबू का उपयोग कर सकते हैं। यह सबसे सस्ता और असरदार उपाय है। इसके लिए सबसे पहले एक नींबू लें और उसे बीच से काटकर उस पर हल्का नमक लगाएं। अब इसे बर्तन पर अच्छी तरह रगड़ें। कुछ ही समय में बर्तन से काली परत हटने लगेगी। इसके बाद बर्तन को डिशवॉश की मदद से साफ कर लें। इस उपाय से बर्तन की खोई हुई चमक वापस आ जाएगी।

इमली से करें तांबे-पीतल के बर्तनों की सफाई

तांबे-पीतल के बर्तनों की सफाई के लिए इमली का उपयोग भी काफी कारगर होता है। इसके लिए इमली को थोड़े पानी में भिगोकर उसका गाढ़ा पेस्ट बना लें। अब इस पेस्ट को बर्तन पर लगाकर करीब 15 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। इसके बाद स्क्रबर से रगड़कर बर्तन को साफ कर लें।

बेकिंग सोडा और नींबू का रस

बेकिंग सोडा और नींबू के रस से भी तांबे और पीतल के बर्तनों की सफाई की जा सकती है। इसके लिए एक कटोरी में 1 चम्मच बेकिंग सोडा लें और उसमें नींबू का रस मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। अब इस पेस्ट को बर्तन पर लगाकर करीब 10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद स्क्रबर और डिशवॉश की मदद से बर्तन को साफ कर लें। इससे बर्तन पर जमी हुई काली परत आसानी से साफ हो जाएगी।