Sofa Cleaning Tips At Home: दिवाली से पहले घरों में सफाई अभियान शुरू हो जाता है। सालों-साल जिस चीज या जगह की सफाई नहीं होती है वहां भी सफाई करने की महिलाएं कोशिश करती हैं। हर घर में फर्नीचर का इस्तेमाल होता है। रोजाना यूज होने की वजह से सोफे जैसी चीजें अक्सर बहुत ज्यादा गंदी हो जाती हैं। यूं तो इनके ऊपर अक्सर लोग कवर बिछा कर रखते हैं। लेकिन इसके बाद भी धूल-मिट्टी, चिकनाई या अन्य तरह के दाग-धब्बे लग ही जाते हैं। ऐसे में दिवाली पर अगर ड्राई क्लीनिंग के रेट पूछ जाएं तो मैकेनिक मुंह मांगे दाम मांगते हैं। अगर आपके यहां भी लेदर, रेक्सीन या कपड़े किसी भी तरह का सोफा है तो आप उसे घर में कुछ आसान ट्रिक्स अपनाकर बिल्कुल नए की तरह चमका सकते हैं।

सबसे पहले हटाएं धूल

सोफे चाहें जिस भी मैटेरियल का बना हो उसे साफ करने के लिए सबसे पहले आपको सोफे की धूल हटानी चाहिए। सोफे की दरारों या कोनों में अक्सर धूल-मिट्टी जमा हो जाती है। इसे आप वैक्यूम क्लीनर से हटा सकते हैं। अगर वो नहीं है तो सूखे मुलायम कपड़े से धूल को हटाएं।

घर में बनाएं सोफे के लिए क्लीनर

सोफे को साफ करने के लिए आप घर में क्लीनर बना सकते हैं। इसके लिए आपको थोड़े गुनगुने पानी में माइल्ड शैंपू लेना है। इसमें थोड़ा सा नींबू डाल दें। इसमें सिरका न डालें। इससे सोफे का रंग फीका पड़ सकता है।

सोफे के लिए चुनें सही स्क्रबर

सोफे को साफ करने के लिए आप स्पंज का इस्तेमाल कर सकते हैं। किनारे की मिट्टी को साफ करने के लिए सॉफ्ट ब्रश लें। ऐसा करने से आपके सोफे का फैब्रिक खराब नहीं होगा।

सोफे के सफाई कैसे करें?

गंदे सोफे को साफ करने के लिए सबसे पहले स्पंज को घर में तैयार क्लीनर में डुबोएं। उसे हल्के हाथ से निचोड़ लें। फिर हल्के हाथों से सोफे की सफाई करें। बाद में साफ कपड़े से पोंछ दें। सोफे को धूप में रख दें। ऐसा संभव नहीं हो तो पंखा चलाकर सुखा लें।