भारत में अधिकतर लोग महीनेभर का राशन एक ही दिन लाकर रख लेते हैं। इस राशन में अंडे भी शामिल होते हैं। लोग एक ही बार बाजार जाते हैं और दर्जनों अंडे खरीदकर फ्रिज में लाकर रख लेते हैं। वहीं, अगर आप भी इन्हीं लोगों में शामिल हैं, तो बता दें कि ऐसा कर आप अपनी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा रहे हैं। बेहद कम लोग जानते होंगे कि किसी अन्य चीज की तरह ही अंडा भी कुछ दिनों तक ही फ्रेश रहता है। हालांकि, खराब अंडे को हम खुली आंखों से पहचान नहीं पाते हैं और इन्हें खाने से अनजाने में खुद ही कई गंभीर बीमारियों को दावत दे बैठते हैं। इतना ही नहीं, बाजार में भी आपको इस तरह के अंडे मिल सकते हैं। ऐसे में सड़ चुके अंडों की पहचान करना बहुत जरूरी हो जाता है।
खराब अंडे खाने से व्यक्ति को फूड पॉइजनिंग, पेट खराब, उल्टी-दस्त आदि की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा ये एलर्जी का कारण भी बन सकता है। इसी कड़ी में इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप फ्रेश और खराब अंडों की आसानी से पहचान कर सकेंगे। साथ ही बताएंगे कि एक अंडा आखिर कितने दिनों तक फ्रेश रह सकता है।
कैसे पता करें अंडा फ्रेश है या नहीं?
पानी का लें सहारा
इसके लिए एक बड़े बर्तन को पानी से भर लें। अब बाजार से लाया हुआ अंडा लें और उसे इसे पानी में डुबोएं। ऐसा करने पर अगर अंडा पानी के नीचे जाकर सीधा लेट जाए तो समझ जाएं कि आपका अंडा ताजा है। जबकि, सड़ चुका अंडा पानी के ऊपरी सतह में तैरने लगता है।
उबले अंडे से करें पहचान
कई बार अंडा उबलने के बाद इसकी जर्दी के चारों ओर एक ग्रीन कलर की छल्ली जैसी रिंग बन जाती है। अगर आपको भी ऐसा कुछ नजर आ रहा है, तो बता दें कि ये अंडा खराब नहीं है। ऐसा पानी में आयरन होने के कारण हुआ है।
स्मेल खोलेगी राज
अंडे की पहचान करने के लिए इसे तोड़कर देखें। अगर इसमें हल्की ही सही लेकिन कोई अजीब गंद आ रही है, तो समझ जाएं कि ये खराब हो चुका है और आपको इसे खाना नहीं है।
कान लगाकर सुने
इसके अलावा आप अंडे को कान के पास लाकर इसे हिलाकर भी पहचान कर सकते हैं। ऐसा करने पर अगर आपको अंडे के छलकने की आवाज आए तो समझ जाएं कि ये खराब हो चुका है, ताजे अंडे को हिलाने पर ज्यादा आवाज नहीं आती है।
कितने दिनों तक फ्रेश रहता है अंडा?
बता दें कि वैसे तो अंडा हफ्ते भर में ही खराब हो जाता है, हालांकि अगर आपने इसे फ्रिज में रखा है तो ये 30 दिनों तक फ्रेश रह सकता है। ऐसे में ये बात जानना भी जरूरी हो जाता है कि आपके खरीदने से पहले अंडे कितने दिनों तक शॉप में रखे थे।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।