माथे पर झुर्रियां आना यूं तो बढ़ती उम्र की निशानी है। लेकिन, आज के समय में तनाव, डिप्रेशन, गुस्सा, गलत खानपान, सूर्य की तेज किरणें और मौसम में बदलाव के कारण भी समय से पहले ही माथे पर झुर्रियां आने लगती हैं। इसके कारण त्वचा डल और बेजान नजर आती है। बता दें, एक शोध के अनुसार चौड़ाई और गहराई में 1 मिमी से कम झुर्रियों को फाइन रिंकल्स कहा जाता है। तो वहीं, यह लाइन्स 1 मिमी से चौड़ी और गहरी हैं, तो यह झुर्रियां कहलाती हैं। घरेलू उपायों के जरिए भी माथे की इन झुर्रियों से छुटकारा पाया जा सकता है।

-नारियल तेल: नारियल का तेल त्वचा के लिए काफी फायदेमंद होता है क्योंकि इसमें कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो फ्री रेडिकल्स को हटाने में कारगर हैं। यह एंटी-ऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर होता है। नारियल का तेल त्वचा को मॉइस्चराइज कर, झुर्रियों की समस्या से निजात दिलाता है। इसके लिए रोजाना नारियल के तेल से माथे की मसाज करें। सोने से पहले भी इस प्रक्रिया को दोहराएं।

-नींबू: विटामिन-सी त्वचा को जवान और खूबसूरत बनाए रखने में मददगार है, साथ ही यह झुर्रियों को भी कम करता है। नींबू में विटामिन भरपूर मात्रा में मौजूद होता है। आप कच्चे दूध में नींबू के रस को मिलाकर इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए कच्चे दूध में नींबू को मिलाएं। फिर इसे चेहरे पर लगा लें। थोड़ी देर ऐसे ही छोड़ दें। फिर अपने चेहरे को धो लें।

-एलोवेरा और अंडा: एलोवेरा स्किन की इलास्टिसिटी को बढ़ाकर चेहरे से झुर्रियां कम करने में मदद करता है। एलोवेरा में फाइब्रोब्लास्ट तत्व पाया जाता है। यह त्वचा को मॉइस्चराइज करने में भी सहायक है। वहीं, अंडे की बात करें, तो यह भी माथे की झुर्रियों को कम करने में मददगार है। क्योंकि इसमें एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं। एलोवेरा को अंडे में मिलाकर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए एलोवेरा जेल को अंडे के सफेद भाग में अच्छी तरह से मिला लें। फिर इस मिश्रण को माथे पर लगाएं। इसे 10 से 15 मिनट तक लगा रहने दें। बाद में चेहरे को अच्छी तरह से साफ कर लें।

-जोजोबा तेल: जोजोबा तेल माथे की झुर्रियों को हटाकर त्वचा को मॉइस्चराइज करता है। इसमें एस्टर तत्व होता है, जो त्वचा पर बढ़ती उम्र के असर को कम करता है। इसके लिए जोजोबा तेल से माथे की मालिश करें। कुछ देर मालिश करने के बाद 20 मिनट तक इसे माथे पर लगा रहने दें। बाद में गुनगुने पानी से चेहरे को धो लें।