How to lose weight: मोटा थुलथुला पेट और कमर पर लटकती चर्बी भला किसे पसंद होती है। इन दिनों बहुत सारे लोग मोटापे से परेशान नजर आते हैं। महिला हो या पुरुष मोटापा हर किसी को अपना शिकार बना लेता है। वजन कम करने का ख्याल आते ही लोग सबसे पहले खाने की थाली से चीजों को कट करना शुरू कर देते हैं। बिना सही जानकारी के डाइटिंग करने से आपका वजन कम नहीं हो सकता है। कई लोग जिम में जाकर एक्सरसाइज करते हैं लेकिन इससे भी जल्दी रिजल्ट नहीं मिलता है। कई लोग थक-हार कर वजन कम होने की उम्मीद छोड़ देते हैं। ऐसे में अगर आपसे ये कहा जाए कि आप मस्त नींद लेकर और भरपेट खाना खाकर भी वजन घटा सकते हैं, तो ये जानकर आपको जरूर खुशी महसूस होगी। यहां हम आपके साथ 5 ऐसे तरीके शेयर करने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप तेजी से नेचुरल और परमानेंट वेट लॉस कर पाएंगे। न्‍यूट्र‍िशन‍िस्‍ट सिमनर आहूजा ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करके इसकी जानकारी दी। आइए जानते हैं इसके बारे में.

नींद से न करें समझौता

अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो आपको भरपूर नींद लेनी है। आप रोजाना कम से कम 7-8 घंटे की गहरी नींद लें। ऐसा करने से स्‍ट्रेस कंट्रोल होगा और आपको वजन घटाने में मदद मिलेगी। क्योंकि कई बार वजन बढ़ने के पीछे ज्यादा तनाव और कम नींद लेना भी बड़ी वजह होती है। कम नींद लेने से ईट‍िंग ड‍िसऑर्डर हो सकता है। साथ ही तनाव के कारण कोर्टिसोल हार्मोन का लेवल बढ़ सकता है। इन दोनों ही स्थिति में पेट पर चर्बी जमा होने लगती है।

वजन घटाने के लिए ऐसे खाएं खाना

वजन घटाने के लिए खाना छोड़ने नहीं बल्कि डाइट को सही तरीके से लेने की जरूरत होती है। कई लोग टीवी देखते हुए या फिर मोबाइल चलाते हुए खाना खाते हैं। वहीं कई लोग जल्दबाजी में खाना खाते हैं। ये आदत बिल्कुल भी सही नहीं है। इन स्थितियों में अक्सर लोग जरूरत से ज्यादा भोजन कर लेते हैं। ऐसे में आपको माइंडफुल ईट‍िंग पर ध्यान देना चाहिए। इसमें धीरे-धीरे खाना खाया जाता है। इसके साथ ही खाने की हर बाइट को अच्छे से चबाकर खाया जाना चाहिए। ऐसा करने से आप अत‍िर‍िक्‍त कैलोरीज से बच सकते हैं।

छोटी प्लेट में खाना शुरू करें

अगर आप वेट लॉस करना चाहते हैं तो आज से ही छोटी प्लेट में भोजन करना शुरू कर दें। वजन घटाने के लिए आपको पोर्शन कंट्रोल पर ध्यान देना होगा। इसमें खाने की मात्रा को कंट्रोल करना होता है। ये वजन घटाने का आसान और असरदार तरीका है। आपको बड़ी प्लेट की जगह छोटी प्लेट में भोजन करना चाहिए। क्योंकि बड़ी प्लेट में ज्‍यादा भोजन आता है। भोजन को मापकर खाएं और जरूरत से ज्‍यादा न लें।

डाइट में शामिल करें प्रोटीन से भरपूर चीजें

किसी-किसी व्यक्ति को बहुत ज्यादा भूख लगती है। ऐसे लोग जरूरत से ज्यादा खाना खा लेते हैं। धीरे-धीरे इनका वजन बढ़ने लगता है। इनको अपनी डाइट में प्रोटीन से भरपूर चीजों को शामिल करना चाहिए। इससे भूख कंट्रोल में रहती है। साथ ही मांसपेशियों की ग्रोथ होती है। कैलोरीज बर्न भी तेजी से होती है। आपको डाइट में अंडे, दालें, नट्स और पालक जैसे प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए।

कैलोरीज को बर्न करने के लिए करें ये एक्सरसाइज

वजन कम करने के लिए आपको रोजाना कैलोरीज को बर्न करने की जरूरत होती है। ऐसे में सिर्फ कार्डियो से काम नहीं चलेगा। आपको स्ट्रेंथ ट्रेनिंग भी करनी पड़ेगी। ऐसा करने से आपकी मांसपेशियां तो मजबूत बनेंगी, साथ ही शरीर की फैट-बर्निंग प्रोसेस भी तेज होगी। इसके लिए आप स्क्वाट्स, डेडलिफ्ट्स और पुश-अप्स जैसी एक्‍सरसाइज कर सकते हैं। इससे आपको कैलोरीज को बर्न करने में मदद मिलेगी।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।