Gujarati Magas ke laddu recipe in Hindi: दिवाली के त्योहार पर तरह-तरह की मिठाइयां घर में बनती हैं। ऐसे में इस बार आप घर में गुजराती मगज के लड्डू बना सकते हैं। यह गुजरात की लोकप्रिय मिठाई है। यह गुजरात के स्वामी नारायण मंदिर में प्रसाद के रूप में बनाया जाता है। सबसे अच्छी बात है कि इसे बनाने के लिए बहुत सारे सामान की जरूरत भी नहीं होती है। मुंह में जाते ही यह लड्डू घुल जाता है। इसका दानेदार स्वाद बहुत अच्छा लगता है। इसे आप छोटा या बड़ा अपने हिसाब से साइज में बना सकते हैं।

मगज के लड्डू बनाने के लिए जरूरी सामान

4 कप बेसन ( besan )
1 कप घी (ghee)
2 कप पिसी हुई शक्कर (powdered sugar)
1/4 कप बादाम का पाउडर
1/2 टी-स्पून इलायची पाउडर (cardamom (elaichi) powder)

सजावट के लिए

1 टेबल-स्पून बादाम के स्लाइस (almond slivers)

मगज बनाने की विधि

यह लड्डू बनाने के लिए एक गहरे नॉन-स्टिक पैन में घी गरम करें। इसके बाद उसमें बेसन डालें। इन्हें अच्छी तरह से मिलाएं। अब मध्यम आंच पर इसे करीब 10 से 15 मिनट तक पकाएं। इसे लगातार चलाते रहें। पकने के बाद गैस को बंद कर दें। इसके बाद मिश्रण को एक प्लेट में निकाल लें। इसे पूरी तरह से ठंडा होने दें। इसके बाद इसमें चीनी, दरदरे पिसे हुए बादाम मिलाएं। स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए आपको इसमें इलायची पाउडर मिलाना है। सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। अपनी हथेलियों के बीच रगड़ते हुए तब तक मिलाएं जब तक कि यह भुरभुरा न हो जाए। अब लड्डू के आकार में इन्हें हाथों से आकार दें। मगज को बादाम के टुकड़ों से सजाएं। एयर-टाइट कंटेनर में स्टोर करें।

इन बातों का रखें ध्यान

मगज को कमरे के तापमान पर एक एयर-टाइट कंटेनर में 15 दिनों तक स्टोर किया जा सकता है। आप चाहें तो इन्हें लंबे समय तक चलाने के लिए फ्रिज में भी रख सकते हैं। स्वादिष्ट मगज बनाने के लिए अच्छी क्वालिटी का घी इस्तेमाल करें। अगर आपको दरदरा बेसन पसंद है, तो दानेदार आटा या बारीक बेसन और एक बड़ा चम्मच सूजी का मिश्रण इस्तेमाल करें। कुरकुरापन पाने के लिए पिसी चीनी की जगह बारीक पिसी चीनी डालें। अगर बेसन में गांठें हों, तो उसे छान लें।