How to Grow Marigold Plant: गेंदे का फूल अपने चमकदार रंगों और खुशबू के लिए जाना जाता है। इसके फूलों का उपयोग पूजा-पाठ से लेकर सजावटी कामों तक किया जाता है। ऐसे में आप इसके पौधे को घर पर गमले में ही आसानी से उगा सकते हैं।
गेंदे के पौधे को लगाने में अधिक मेहनत की जरूरत नहीं होती। कम देखभाल और सही तरीका अपनाकर आप अपने घर की बालकनी या आंगन को रंग-बिरंगे फूलों से सजा सकते हैं। गेंदे के फूल घर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ पूरे घर के वातावरण को भी खुशनुमा बना देते हैं।
गमले में कैसे लगाएं गेंदे के फूल का पौधा
- गेंदे का पौधा लगाने के लिए सबसे पहले गमले का चयन करना बहुत जरूरी है। आप इसे छोटे गमले में भी आसानी से लगा सकते हैं। हालांकि, पौधा लगाने से पहले गमले में पानी की निकासी के लिए एक छेद जरूर कर लें ताकि उसमें पानी न जमे।
- अब गमले में डालने के लिए मिट्टी तैयार करें। हल्की और पोषक तत्वों से भरपूर मिट्टी इसके लिए बेहतर मानी जाती है। आप मिट्टी में गोबर की खाद और कंपोस्ट मिलाकर इसे उपजाऊ बना सकते हैं। इससे पौधा जल्दी बढ़ेगा और इस पर अधिक फूल खिलेंगे।
- मिट्टी तैयार होने के बाद उसे गमले में डाल दें। अब किसी नर्सरी से इसका पौधा लाकर सीधे गमले में लगा सकते हैं। पौधा लगाने के बाद इसमें हल्का पानी डालें।
गेंदे के पौधे की केयर कैसे करें?
- गेंदे के पौधे को ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती है। हालांकि, यह पौधा धूप बहुत पसंद करता है। इसलिए इसे छत या बालकनी में रखें, जहां पर्याप्त धूप आती हो।
- पौधे को समय-समय पर पानी और खाद देते रहें। इससे फूलों की संख्या बढ़ेगी। साथ ही, पौधे की नियमित छंटाई करते रहें, इससे नई शाखाएं निकलती हैं और फूल अधिक खिलते हैं।