किचन में लहसुन के साथ-साथ इसकी पत्तियों का भी उपयोग किया जाता है। इन्हें सब्जियों, दाल, सूप और चटनी में भी डाला जाता है। लहसुन की पत्तियां खाने से हेल्थ को भी काफी फायदा होता है। वहीं, अधिकतर लोग इसे मार्केट से खरीदकर लाते हैं। ऐसे में आप इसे घर पर गमले में भी आसानी से उगा सकते हैं। इसे उगाने में अधिक मेहनत की भी जरूरत नहीं होती है।
गमले या कंटेनर का करें चयन
लहसुन लगाने के लिए आप छोटी बाल्टी, गमला या कोई भी कंटेनर चुन सकते हैं। इसके बाद इनमें एक छेद कर दें, जिससे पानी निकल सके। अब आप मिट्टी में वर्मी-कंपोस्ट या गोबर की खाद को मिलाकर अच्छी तरह तैयार करें। अब इसमें बाजार से लहसुन की ताजी कलियां खरीदकर मिट्टी में लगाएं। वहीं, लगाते समय इन्हें मिट्टी में 1-2 इंच की गहराई तक ही रखें।
लहसुन की देखभाल कैसे करें?
- लहसुन की पत्तियां ठंडे और हल्की धूप वाले मौसम में जल्दी उगती हैं। ऐसे में इसे लगाने के बाद गमले को ऐसी जगह रखें, जहां रोज 3-4 घंटे की धूप मिल सके।
- इस पर पानी हमेशा स्प्रे की मदद से डालें, जिससे मिट्टी बराबर नम रहे। अधिक पानी डालने पर पौधा खराब हो सकता है।
- ठंड के मौसम में लहसुन की पत्तियां लगभग 10-12 दिनों में निकलनी शुरू हो जाती हैं। वहीं, करीब तीन हफ्तों के अंदर इसकी पत्तियां अच्छी तरह बढ़ जाती हैं।
- लहसुन की पत्तियां कुछ ही दिनों में 6-8 इंच की हो जाती हैं। ऐसे में आप इन्हें कैंची से काट लें। एक बार लहसुन लगाने के बाद इससे बार-बार पत्तियां निकलती रहती हैं।
- घर में उगी लहसुन की पत्तियां बाजार की तुलना में ज्यादा हरी, ताजा और सुगंधित होती हैं। इनमें किसी तरह के केमिकल या प्रिजर्वेटिव का इस्तेमाल नहीं होता। ऐसे में ये सेहत के लिए भी ज्यादा फायदेमंद मानी जाती हैं।
