भारतीय किचन में धनिया का उपयोग हर रोज किया जाता है। वहीं, अधिकतर लोग इसे मार्केट से खरीदकर लाते हैं और उपयोग करते हैं। ऐसे में इसे घर पर भी आसानी से उगाया जा सकता है। सर्दियों में भी यह आसानी से उग जाता है।
दरअसल, सर्दियों में इसके बीज आसानी से अंकुरित हो जाते हैं। ऐसे में आप इसे छोटी-सी जगह पर भी आसानी से उगा सकते हैं। आप इसे गमले में लगाकर बालकनी, खिड़की या छत पर भी रख सकते हैं। वहीं, धनिया को अधिक देखभाल की भी जरूरत नहीं होती है।
सही गमले का करें चयन
धनिया को उगाने के लिए सबसे पहले गमले का चयन करना बहुत जरूरी होता है। आप इसे 8 से 10 इंच गहरे और चौड़े गमले में लगा सकते हैं। वहीं, गमले से पानी निकालने के लिए इसमें एक छोटा छेद भी कर दें। इससे गमले का पानी आसानी से निकल जाएगा।
मिट्टी और बीज को करें तैयार
धनिया के लिए भुरभुरी और पोषक तत्वों से भरपूर मिट्टी जरूरी होती है। ऐसे में आप मिट्टी में गोबर की खाद या वर्मी कंपोस्ट भी मिला सकते हैं। इससे धनिया तेजी से बढ़ता है। इसके बाद आप धनिया उगाने के लिए बीज तैयार करें। इसके लिए हल्का-सा मसलकर उन्हें दो हिस्सों में तोड़ लें। इससे अंकुरण जल्दी होता है। अब बीजों को मिट्टी में डालें। हालांकि, इन बीजों को मिट्टी में अधिक गहराई तक न दबाएं। इसके बाद स्प्रे से हल्का पानी दें।
कब करें धनिया के पत्तों की कटाई
धनिया के बीज बोने के बाद इसकी हल्की देखभाल करना जरूरी होता है। धनिया को रोजाना 3 से 4 घंटे की हल्की धूप की जरूरत होती है। ऐसे में गमले को आप छत पर भी रख सकते हैं। करीब 10 से 15 दिनों में धनिया के छोटे-छोटे पौधे निकलने लगते हैं। वहीं, 25 से 30 दिनों में पत्तियां काटने लायक हो जाती हैं।
