त्वचा संबंधी समस्याओं में सबसे आम मस्से की परेशानी है। यह काले और भूरे रंग के मस्से शरीर के किसी भी हिस्से पर हो जाते हैं। बता दें, मस्से, एचपीवी यानी ह्यूमन पेपिलोमा वायरस की वजह से बनते हैं। यूं तो ज्यादातर मामलों में मस्से 6 महीने से दो साल के भीतर खुद-ब-खुद खत्म हो जाते हैं लेकिन कई मामलों में लोग असहज महसूस करते हैं। अगर जबरदस्ती मस्सों को निकाला जाए तो इससे दर्द होता है। यह कोई गंभीर समस्या नहीं है। लेकिन घरेलू उपायों की मदद से मस्सों की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।
आलू: मस्से से छुटकारा दिलाने में आलू बेहद ही कारगर माना जाता है। इसके लिए आलू को छीलकर उसका पेस्ट बना लें। फिर इस पेस्ट को अपने मस्सों पर लगाएं। ऐसा करने से मस्से ठीक हो सकते हैं।
केले का छिलका: केले में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट तत्व मस्सा हटाने में मददगार साबित हो सकता है। इसके लिए छिलके को मसलकर उसे मस्से पर लगाएं। रातभर लगाए रखने के बाद सुबह छिलके को हटा दें।
लहसुन: एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-वायरल और एंटी-फंगल गुणों से भरपूर लहसुन संक्रमण से लड़ने में बेहद ही कारगर है। इसके लिए लहसुन की पोथी को पीसकर इसे प्रभावित हिस्सों पर लगाएं। 20-25 मिनट तक इसे किसी चीज से ढक लें। बाद में कवर को हटा लें। इससे मस्से साफ हो जाते हैं।
तुलसी: मस्सों की समस्या से छुटकारा पाने के लिए तुलसी के पत्तों को पीसकर उन्हें प्रभावित जगह पर लगाएं। इसके बाद मस्से को किसी कपड़े से ढक दें। इससे यह समस्या दूर हो सकती है।
एलोवेरा: एलोवेरा जेल निकालकर उसे रूई की मदद से प्रभावित हिस्से पर लगाएं। इसके बाद किसी कपड़े की मदद से मस्से को ढक लें। इस तरीके से मस्से की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।
नींबू का रस: नींबू में मौजूद विटामिन-सी मस्से की समस्या से छुटकारा दिलाने में कारगर है। इसके लिए नींबू के रस को मस्से पर लगाएं। हालांकि ध्यान रखें कि नींबू का रस लगाकर धूप में बाहर न निकलें क्योंकि इससे टैनिंग की समस्या हो सकती है। इस उपाय का नियमित तौर पर इस्तेमाल करने से मस्से की समस्या दूर हो सकती है।