गर्मी के मौसम में लौकी खाना हर कोई पसंद करता है। यह सेहत के लिए काफी फायदेमंद होती है। इसको खाने से गर्मी में शरीर को ठंडक तो मिलती ही है, लेकिन वजन घटाने में भी लौकी काफी मददगार होती है। इससे पाचन तंत्र भी बेहतर होता है।
पोषक तत्व से भरपूर है लौकी
दरअसल, लौकी में 90 प्रतिशत तक पानी होता है। इसमें फाइबर, विटामिन C, विटामिन B, आयरन, पोटैशियम, और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो बॉडी के लिए काफी बेहतर होते हैं। हालांकि, लौकी के साथ कुछ चीजों को नहीं खाना चाहिए। इसको खाने से फायदे की जगह नुकसान भी हो सकता है।
लौकी के साथ न खाएं ये 5 चीजें
खट्टी चीजें
लौकी के साथ कभी भी खट्टी चीजों को नहीं खाना चाहिए। दरअसल, लौकी की प्रकृति ठंडी होती है और जब इसे खट्टी चीजों के साथ खाया जाता है तो गैस और अपच जैसी समस्या होने लगती है। ऐसे में आप लौकी के साथ साथ नींबू, दही और इमली इत्यादि को बिल्कुल ही न खाएं। इससे काफी नुकसान हो सकता है।
मूली
लौकी के साथ मूली का सेवन नहीं करना चाहिए। दरअसल, लौकी और मूली दोनों की तासीर काफी ठंडी होती है। ऐसे में इन दोनों को खाने से सर्द-गर्म हो सकती है। इससे कब्ज की भी समस्या हो सकती है।
लौकी के साथ न खाएं मांसाहार
लौकी के साथ मांसाहार का सेवन नहीं करना चाहिए। आयुर्वेद में इसको वर्जित किया गया है। इससे शरीर में गर्म और ठंडी प्रकृति का टकराव होता है, जिससे कई तरह की परेशानी हो सकती है। लौकी के साथ मांसाहार को खाने से पेट से संबंधित कई परेशानियां होने का खतरा रहता है।
करेला
लौकी के साथ करेला को भूलकर भी नहीं खाना चाहिए। इन दोनों को एक साथ खाने से शरीर में एसिडिटी बढ़ने का खतरा रहता है, जिससे पाचन संबंधित परेशानियां भी हो सकती हैं।
लौकी के साथ दूध
लौकी के साथ दूध का सेवन आयुर्वेद में वर्जित है। इससे त्वचा संबंधी एलर्जी, पाचन समस्या और शरीर में विषैले तत्व जमा हो सकते हैं। लौकी के साथ अगर आप दूध का सेवन करना चाहते हैं, तो कम से कम तीन घंटे का गैप रखें।