How to reduce Puffy Eyes: सुबह उठने के साथ सूजी आंखें कई लोगों को परेशान करती है। वहीं कभी-कभी दिन भर लोगों की आंखों में सूजन रहता है। ऐसा कई कारणों से होता है। कभी थकावट के कारण तो कभी कम नींद की वजह से भी आंखों में सूजन आ जाती है। वहीं, पोषक तत्वों की कमी से भी कई बार आंखों में सूजन देखने को मिलती है। आंखों से संबंधित कोई भी समस्या क्यों न हो, लोग तुरंत ही परेशान हो जाते हैं। ऐसे में इससे कैसे निजात पाया जाए ये जानना बेहद जरूरी है –

दिन भर में 2 से 3 लीटर पानी पीयें, इससे दिमाग को ये बात पता चलती है कि पानी को जमा करके रखने की जरूरत नहीं है।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक डाइट में उन फूड्स को शामिल करने की जरूरत है जिनमें पानी उच्च मात्रा में मौजूद हो। इससे शरीर में हाइड्रेशन लेवल पर्याप्त मात्रा में रहता है।

डाइ-यूरेटिक्स फूड यानि वो खाद्य पदार्थ जिन्हें खाने से ज्यादा पेशाब का निर्माण होता है, उन्हें खाने से बचना चाहिए। माना जाता है कि चाय-कॉफी, एनर्जी ड्रिंक, एल्कोहल जैसी चीजों के सेवन से आंखों में सूजन बढ़ जाती है।

अपनी डाइट में अजवाइन के पत्तों को शामिल करें। इससे किडनी को शरीर से विषाक्त पदार्थ को बाहर निकालने में मदद मिलती है। आप इसे सलाद या फिर सूप के रूप में ले सकते हैं। ये न केवल स्वाद बढ़ाने में बल्कि शरीर से अतिरिक्त तरल पदार्थ को निकालने में मदद करता है। अजवाइन के पत्तों से बने जूस को पीने से भी शरीर को लाभ मिलता है, आइए जानते हैं इसे बनाने की विधि –

किन चीजों की होगी जरूरत:
एक मध्यम आकार का खीरा
अजवाइन की जड़ से उखाड़ी गई 2 पत्तियां
1 मध्यम आकार का टमाटर
कुछ मात्रा में धनिया पत्ता
नींबू का रस

जानें इसे बनाने का तरीका: सभी चीजों को अच्छे से धो लें। इसके बाद इन्हें काटकर ब्लेंड करें। अब इसे छानकर गिलास में डालें और जूस का आनंद उठाएं।

हालांकि, अगर लंबे समय तक आंखों में सूजन की समस्या रहती है, साथ ही आंखों में दर्द, इरिटेशन या फिर अधिक स्वेलिंग हो जाए तो डॉक्टर से सलाह लें।