आंखों को लेकर कहा जाता है कि ये आपके मन का आइना होती हैं। यह शरीर का सबसे खूबसूरत और आकर्षक अंग होती हैं। कहते हैं कि आंखों के जरिए किसी भी इंसान के मन और दिमाग में चल रही बातों का अंदाजा लगाया जा सकता है। ऐसे में लड़कियां आई मेकअप की ओर ज्यादा ध्यान देती हैं। क्योंकि मेकअप आंखों को और ज्यादा आकर्षक बना सकता है। तो आइए बताते हैं आई मेकअप करने के आसान तरीके।

आंखों पर मेकअप करने से पहले लगाए कंसीलर: आंखों पर मेकअप लगाने की शुरुआत कंसीलर से करनी चाहिए। क्योंकि, कंसीलर आंखों के नीचे के काले घेरे, दाग और धब्बों को छुपा देता है। इसलिए सबसे पहले कंसीलर को अच्छी तरह से आंखों के नीचे लगाएं। कंसीलर लगाने के बाद थोड़ी देर इंतजार करें, जिससे त्वचा पूरी तरह से कंसीलर को सोख ले।  इसके बाद कॉम्पैक्ट का इस्तेमाल करें।

आईशैडो का करें इस्तेमाल: अगर आप किसी पार्टी में जाने के लिए तैयार हो रही हैं, तो कंसीलर के बाद आंखों पर शैडो लगाना चाहिए। अपने कपड़ों के रंग के हिसाब से शैडो का चुनाव करना चाहिए। इससे आईलाइनर के लिए भी बेस तैयार हो जाता है। वहीं, अगर आप फॉल्स आईलैशेज लगाना चाहती हैं, तो शैडो के बाद उन्हें लगा लेना चाहिए।

आईलाइनर: कुछ लड़कियां आईलाइनर से पहले काजल लगाती हैं, लेकिन यह सही तरीका नहीं है। आईशैडो के बाद आईलाइनर का इस्तेमाल करना चाहिए। आप अपने हिसाब से प्लेन या फिर पॉइंटेड स्टाइल का लाइनर लगा सकते हैं।

दो बार लगाना चाहिए मस्कारा: आंखों पर मस्कारा लगाते समय इस बात का ध्यान रखें कि कम से कम दो बार मस्कारा लगाएं। क्योंकि, पहली बार में अक्सर कुछ पलकें छूट जाती हैं। पहले मस्कारे के कोट बाहर की तरफ से पलकों पर लगाना चाहिए और फिर दूसरा कोट अंदर से बाहर की तरफ लगाना चाहिए।

आखिर में लगाएं काजल: आंखों का सारा मेकअप हो जाने के बाद आखिर में काजल लगाना चाहिए। काजल को थोड़ा ध्यान से लगाना चाहिए, अगर काजल फैल जाता है, तो रूई के जरिए उसे साफ कर लें। काजल लगाने के बाद आपका आईमेकअप पूरी तरह से कंप्लीट हो जाएगा।