Engineer’s Day 2024 Date, Theme, History: किसी भी देश के निर्माण में इंजीनियर्स का महत्वपूर्ण योगदान होता है। इंजीनियर्स देश की तरक्की में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में इन राष्ट्र निर्माताओं के प्रति सम्मान जताने के उद्देश्य से हर साल हमारे देश में 15 सितंबर के दिन को इंजीनियर्स डे (Engineer’s Day Date) के रूप में सेलिब्रेट किया जाता है। आइए जानते हैं इस खास दिन का इतिहास और इंजीनियर्स डे से जुड़ी कुछ खास बातें-
15 सितंबर को ही क्यों मनाया जाता है इंजीनियर्स डे? (Engineer’s Day History)
दरअसल, 15 सितंबर 1861 को मैसूरु के कोलार में मोक्षगुंडम विश्वेश्वरय्या (Mokshagundam Visvesvaraya) का जन्म हुआ था। विश्वेश्वरय्या एक महान इंजीनियर थे। उन्होंने अपने पूरे जीवन को देश के विकास के लिए समर्पित करते हुए अपने जीवनकाल में कई महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग परियोजनाओं को पूरा किया।
इसके लिए विश्वेश्वरय्या को साल 1955 में भारत के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा उन्हें ब्रिटिश नाइटहुड पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। एम विश्वेश्वरैया की जयंती के उपलक्ष में ही 15 सितंबर के दिन को राष्ट्रीय इंजीनियर्स डे (National Engineers Day) के तौर पर मनाया जाता है।
आज, इंजीनियर्स डे को मनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों में इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले इंजीनियरों को सम्मानित किया जाता है और उनके योगदान को प्रोत्साहित किया जाता है।
इसके अलावा हर साल इंजीनियर्स डे के लिए एक खास थीम तय की जाती है और इस थीम के आधार पर कई सेमिनार, कार्यशालाएं और पुरस्कार समारोह आयोजित किए जाते हैं।
क्या है इंजीनियर्स दिवस 2024 की थीम? (Engineer’s Day 2024 Theme)
जानकारी के अनुसार, इस साल इंजीनियर्स डे की थीम, ‘एक सतत दुनिया के लिए इंजीनियरिंग समाधान’ (Engineering solutions for a sustainable world) तय की गई है।

