Gobhi ke Kide Kaise Saaf Karen : गोभी की सब्जी हो या पराठे दोनों ही चीजें खाने में स्वाद लगती हैं। बच्चों से लेकर बड़े भी इसे चाव से खाते हैं। इन दिनों बाजार में फूलगोभी और पत्तागोभी दोनों आ रही हैं। इनमें अक्सर कीड़े निकल आते हैं। फूल गोभी में छिपे सफेद कीड़ों को खोजकर हटाना बेहद मुश्किल होता है। ये अक्सर न तो दिखाई देते हैं और न ही पकड़ में आते हैं। ऐसे में अगर आपको कीड़ों का डर सताता है तो यह खबर आपके काम की है। यहां हम आपको फूल गोभी से कीड़े निकालने का आसान तरीका बताने जा रहे हैं। इसके साथ ही यहां बताएंगे फूल गोभी खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

गोभी से कीड़े निकालने का आसान तरीका | Gobhi ke kide kaise nikale

सबसे पहले गोभी के टुकड़े कर लें। फिर इन्हें अच्छे तरीके से देखें कि इसमें कीड़ा है या नहीं। इसके बाद आप गोभी टुकड़ों को किसी बर्तन में रख लें। फिर गोभी के ऊपर कुछ देर पानी चलाएं। बीच-बीच में गोभी को अच्छी तरह हिलाते रहें। ऐसा करने से कीड़े बाहर आ जाते हैं। इसके बाद भी कुछ कीड़े अंदर रह जाते हैं। इन्हें बाहर निकालने के लिए बाउल में पानी उबालें। फिर उबलते पानी में एक चम्मच नमक और एक चम्मच हल्दी डालें। इसके बाद आपको इसमें गोभी के टुकड़ों को डालना है। इसे हल्की आंच पर करीब 10 मिनट तक रहने दें। फिर गैस ऑफ कर दें। गोभी को पानी में रहने दें। थोड़ी देर बाद गोभी को बाहर निकाल लें। ऐसा करने से गोभी के अंदर का एक-एक कीड़ा साफ हो जाएगा।

फूल गोभी में कीड़ा है या नहीं कैसे पता करें

गोभी खरीदते समय आपको कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। जब भी आप बाजार से गोभी खरीदने जाएं सबसे पहले फूलगोभी को ध्यान से देखें। अगर किसी हिस्से पर काले या भूरे धब्बे या छोटे-छोटे छेद दिखाई दें, तो ऐसी गोभी न खरीदें। इस तरह की गोभी में कीड़े हो सकते हैं। फूलगोभी की कलियों और डंठल को भी देखें। यहां भी आपको कीड़े नजर आ सकते हैं।