हमने अक्सर यही सुना है कि पेड़, पौधे, बीज और फल हमारे पर्यावरण के साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं। पर क्या आपने कभी सुना है कि कुछ पौधे ऐसे भी होते हैं जिनके बीज, फूल और फल इतने जहरीले होते हैं कि चंद मिनटों में इंसान की मौत हो सकती है। आइए हम आपको ऐसे ही कुछ खतरनाक और जहरीले पौधों के बारे में बता रहे हैं जिन्हें अक्सर आप अपने रिहायशी इलाके में देखते हैं। ड्राइंग रूम, बालकनी और हाउस लॉन एरिया में अक्सर हम शो के लिए कई तरह के पौधे लगाते हैं। पर अनजाने में हम कोई ऐसा पौधा न लगा लें जिसका प्रभाव खतरनाक परिणाम दे। इन पौधों के फूल इतने खूबसूरत होते हैं कि किसी का भी मन इन्हें स्पर्श करने का करेगा लेकिन ये बेहद जहरीले होते हैं। इसीलिए गलती से भी इन पौधों के आस-पास न आप जाएं और न ही अपने बच्चों को जाने दें। तो आइए जानते हैं ऐसे ही दिखने में खूबसूरत पर खतरनाक पौधों के बारें में:

आरंडी (castor bean): आरंडी में राइसिन नाम का जहर पाया जाता है, जो शरीर में प्रोटीन बनने की प्रक्रिया बंद कर देता है। गुलाबी और हरे रंग का दिखने वाला यह पौधा आपके आसपास पाया जाता है। इस पौधे का प्रयोग युद्ध में जैविक हथियार के रूप में किया जाता है। यह साइनाइड से 6 हजार गुना और रैटलस्नेक से 12 हजार गुना ज्यादा जहरीला होता है। यह भारत के कई इलाकों में पाया जाता है।

गुलाबी मटर (Rosary Pea): मटर के आकार की फली और केकड़े की आंख जैसे बीज देने वाला यह पौधा आमतौर पर 20 मीटर का होता है। इसके दो बीज से महज दो मिनट के अंदर इंसान की जान जा सकती है। यह बारहमासी पौधा होता है। यह पौधा घने जंगलों या आस-पास घने पेड़ पौधों के बीच दिखाई देता है।

Oleander: ओलियंडर एक फाणरोफाईट (Phanerophyte) झाड़ी होती है जो कि 13 से 15 फीट लम्बी होती है। ओलियंडर फूल लाल-भूरे रंग के होते है। यह पौधा कई कॉलोनियों में देखने को मिलता है। इस पेड़ के फूल, बीज, पत्ते, छाल और जड़ भी बेहद खतरनाक होती है। इसके फूल को छूने से भी आप बीमारी के शिकार हो सकते हैं।

एकोनाईट (Aconite): इसे क्वीन ऑफ पॉइजन कहा जाता है। इसे छूने भर से कोई भी व्यक्ति एलर्जी का शिकार हो सकता है और खाने से उसकी तुरंत मौत हो सकती है। इसमें पीले और बैगनी रंग के फूल आते हैं।

हेमलोक (Hemlock tree): इसमें टॉक्सिन कोनाइट नाम का जहर पाया जाता है। इस पर सफेद रंग के बेहद जहरीले फूल आते हैं। इसके जहर से व्यक्ति की मौत न भी हो लेकिन याददाश्त चली जाती है।

 लिलि ऑफ द वैलीः यह पौधा और इसके फूल दिखने में बेहद आकर्षक होते हैं लेकिन लिलि ऑफ वैली इंसान के लिए बेहद खतरनाक बताया जाता है। इसमें इतना जहर होता है कि इंसान की मौत 24 घंटे में हो जाती है।