पूरे देश में आज दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। यह त्योहार खुशियों, रोशनी और भक्ति का प्रतीक है। इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा करने का विशेष महत्व है। वहीं, इस खास मौके पर कई लोग बेसन के लड्डू का भोग भी लगाते हैं।

दरअसल, इस दिन बेसन के लड्डू का भोग लगाना बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि बेसन के लड्डू माता लक्ष्मी और गणेश जी दोनों को प्रिय हैं। ऐसे में आप इन्हें घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं।

बेसन के लड्डू बनाने की सामग्री

2 कप बेसन
1 कप घी
1 कप पिसी शक्कर
आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
2 बड़े चम्मच कटे हुए मेवे
1 बड़ा चम्मच किशमिश

बेसन के लड्डू बनाने की रेसिपी

स्टेप-1

बेसन के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले कढ़ाई में घी गर्म करें। जब यह हल्का गर्म हो जाए तो इसमें बेसन डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। कुछ समय बाद बेसन का रंग सुनहरा हो जाएगा और इससे अच्छी सुगंध आने लगेगी।

स्टेप-2

बेसन भुन जाने के बाद गैस बंद कर दें और इसे कुछ समय के लिए ठंडा होने दें। अब इसमें इलायची पाउडर, कटे हुए मेवे और किशमिश डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। इसके बाद पिसी हुई शक्कर डालें और सबको अच्छे से मिला लें।

स्टेप-3

अब अपने हाथों में थोड़ा घी लगाकर लड्डू बनाएं। कुछ समय के लिए इन्हें प्लेट में रख दें ताकि लड्डू सेट हो जाएं। इस तरह स्वादिष्ट बेसन के लड्डू तैयार हो जाएंगे। अब आप इन्हें दिवाली पूजा में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश को भोग के रूप में अर्पित कर सकते हैं।