सर्दी के मौसम में पौधों की ग्रोथ कम हो जाती है। हालांकि, कुछ पौधे ऐसे भी होते हैं जिन पर सर्दी में भी फूल खिलते हैं और घर की रौनक बढ़ाते रहते हैं। ऐसे में अगर आप भी सर्दियों के मौसम में अपने गार्डन को हरा-भरा रखने के साथ फूलों से भरपूर बनाना चाहते हैं, तो कुछ खास तरह के पौधे लगा सकते हैं। आप इन पौधों को गमलों में भी आसानी से लगा सकते हैं। इन्हें अधिक देखभाल की भी जरूरत नहीं होती है।
गेंदा का पौधा
आप गमले में भी गेंदे के पौधे को आसानी से लगा सकते हैं। यह सर्दियों के मौसम में सबसे अधिक लगाया जाने वाला पौधा है। इसके पीले, नारंगी और मैरून रंग के फूल घर के माहौल को खुशनुमा बनाते हैं। इसे धूप और पानी की जरूरत होती है। पौधा लगाने के बाद इसे समय-समय पर छांटते रहें, इससे नए फूल तेजी से निकलते हैं।
गुलाब
गुलाब को आप गमले में भी आसानी से लगा सकते हैं। इसकी सुंदरता और खुशबू पूरे घर को महका देती है। आप इसे गमले में अलग-अलग रंगों की किस्मों में लगा सकते हैं। इसके पौधे में नियमित तौर पर खाद डालने से अच्छे फूल खिलते हैं।
चमेली का पौधा
चमेली के सफेद छोटे-छोटे फूल और उनकी मनमोहक खुशबू घर के हर कोने को आकर्षक बना देती है। इसे ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं पड़ती है। हल्की धूप और थोड़ा पानी ही इसकी तेजी से बढ़ने के लिए पर्याप्त है। इसको गमले में लगाकर आप बालकनी में भी रख सकते हैं।
डेहलिया
डेहलिया अपने बड़े-बड़े और चमकीले फूलों के लिए जाना जाता है। सर्दियों के मौसम में यह बेहद शानदार और रंगीन लुक देता है।
पेटुनिया का पौधा
गुलाबी, बैंगनी, सफेद और लाल रंगों में खिलने वाला पेटुनिया ठंड में तेजी से बढ़ता है। इसे हैंगिंग पॉट्स में लगाने पर बालकनी की सजावट और भी सुंदर दिखती है।
