Happy Father’s Day 2019: फादर्स डे पर हर बच्चा अपने पिता के लिए कुछ स्पेशल करना चाहता है। इसके लिए वह बेहद उत्सुकता से इस खास दिन का इंतजार करता है। साथ ही वह यह भी जानना चाहता है कि आखिर फादर्स डे की शुरुआत कब और कैसे हुई। हर मनुष्य के जीवन में उसके पिता का अहम योगदान होता है। पिता अपने बच्चों के लिए दिन-रात मेहनत कर उसे नए मुकाम दिलाते हैं। इसलिए शास्त्रों में पिता की तुलना देवता से की गई है और कहा गया है- पितृ देवो भवः। पिता के इस अतुल्य परवरिश को ध्यान में रखते हुए बच्चे भी उनके द्वारा दी गई अमूल्य जिंदगी का पूरा एक दिन उनकी सेवा में लगाते हैं। साथ ही वे इस अवसर पर अपने पिता को कुछ विशेष उपहार देकर फादर्स डे को स्पेशल बनाते हैं।
हर साल फादर्स डे जून के तीसरे रविवार को मनाया जाता है। इस साल इसे मनाए जाने की तारीख के साथ हम आपको इसके इतिहास के बारे में भी बताएंगे। इस बार फादर्स डे 16 जून को मनाया जाएगा। 5 जुलाई 1908 को सबसे पहले फादर्स डे वर्जीनिया के फेयरमोंट में मनाया गया था। हालांकि इसे मनाने के पीछे काफी दर्द भरी कहानी है। 6 दिसंबर 1907 को मोनोगांह के एक खान दुर्घटना हुई थी। इसमें 362 पिताओं की मौत हो गई थी। जिसके बाद एक विशेष दिवस का आयोजन ग्रेस क्लेटन नाम की महिला ने किया था। इसे ही फादर्स डे कहा जाता है। हालांकि पूरी दुनिया में इस दिन को मनाए जाने में काफी समय लगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति वुडरो विल्सन ने साल 1916 में फादर्स डे को मनाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी। इसके बाद राष्ट्रपति कैल्विन कुलिज ने 1924 में इस दिन को राष्ट्रीय आयोजन के रूप में मनाए जाने का ऐलान किया। राष्ट्रपति लिंडन जॉनसन ने साल 1966 में पहली बार इसे जून के तीसरे रविवार को मनाए जाने का फैसला किया। राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन द्वारा 1972 में इस दिन यूनाइटेड स्टेट्स में छुट्टी का ऐलान किया था।