आंखें आपके चेहरे का सबसे खूबसूरत भाग होती हैं। हालांकि, आंखों के नीचे बड़े-बड़े काले घेरे होने पर यही खूबसूरती में दाग का कारण भी लगने लगती हैं। आज के समय में लोग दिन का ज्यादातर समय मोबाइल, लैपटॉप या टीवी स्क्रीन को देखकर बीताते हैं, जिसके चलते समय के साथ उन्हें आंखों के नीचे डार्क सर्कल की परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा कई लोगों को रात के समय देर तक जागने की आदत होती है, जिसके चलते भी आंखों के नीचे काले घेरे बनने लगते हैं। ये ना केवल देखने में भद्दे लगते हैं, बल्कि एक बार डार्क सर्कल होने पर इनसे छुटकारा पाना भी बेहद मुश्किल हो जाता है। वहीं, अगर आप भी इस तरह की परेशानी से जूझ रहे हैं, तो ये आर्टिकल आप ही के लिए है।
दरअसल, हाल ही में एक्ट्रेस और इंफ्लूएंसर रोशनी चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक कमाल का वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में अदाकारा एक ऐसी ट्रिक बताती नजर आ रही हैं, जो डार्क सर्कल से छुटकारा पाने के मुश्किल काम को भी आसान बनाने में आपकी मदद कर सकती है। आइए जानते हैं क्या है ये खास ट्रिक-
डार्क सर्कल से छुटकारा दिला देगा ये नुस्खा
इसके लिए एक कटोरी में एक चम्मच दही निकाल लें। इसके बाद इसमें 3/4 चम्मच हल्दी और 3/4 चम्मच कॉफी पाउडर मिलाएं। तीनों चीजों के आपस में अच्छी तरह मिल जाने तक इसे चलाते रहें। इसके बाद चम्मच या उंगलियों की मदद से तैयार पेस्ट को आंखों के नीचे लगाएं और 10 से 15 मिनट इसे ऐसे ही लगा रहने दें। तय समय बाद सादे पानी से मुंह धो लें।
रोशनी चोपड़ा के मुताबिक, इस आसान तरीके को अपनाकर आप जल्द डार्क सर्कल की परेशानी से निजात पा सकते हैं। इतना ही नहीं, ये ट्रिक आंखों की सूजन या पफीनेस से छुटकारा दिलाने में भी असरदार है।
कैसे है असरदार?
- दरअसल, दही में लैक्टिक एसिड मौजूद होता है, जो त्वचा की डेड स्किन सेल्स और दाग-धब्बों को हटाने में असरदार माना जाता है। इसके साथ ही ये त्वचा की रंगत और बनावट को सुधारने और सूजन को कम करने में भी मदद करता है।
- वहीं, हल्दी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट गुण भी ब्लैक स्पॉट, दाग-धब्बे और हाइपरपिग्मेंटेशन को कम करने में मदद करते हैं। साथ ही हल्दी में सूजनरोधी गुण भी मौजूद होते हैं, जो आंखों की पफीनेस को कम करते हैं।
- इन सब के अलावा कॉफी भी चेहरे के दाग-धब्बे हटाने और स्किन को निखारने में असरदार मानी जाती है। ऐसे में ये नुस्खा बेहद जल्द आपको आंखों के नीचे काले घेरे की समस्या से निजात दिला सकता है।