बालों में रूसी यानी डैंड्रफ एक आम समस्या है। सर्दी के मौसम में यह समस्या और भी बढ़ जाती है, जिससे कई बार बाल काफी झड़ने लगते हैं। डैंड्रफ के कारण कई बार बाल कंधों पर गिरने लगते हैं, जिसके कारण काफी शर्मिंदगी महसूस होने लगती है।
रूसी यानी डैंड्रफ से छुटकारा पाने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय आजमाते हैं। कई बार लोग महंगे हेयर प्रोडक्ट्स का सहारा भी लेते हैं। ऐसे में आप किचन में मौजूद नेचुरल चीजों से भी इस समस्या को काफी हद तक कम कर सकते हैं।
मशहूर न्यूट्रिशनिस्ट सोनिया नारंग ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक असरदार उपाय साझा किया है। उनके अनुसार, घर की रसोई में मौजूद मेथी और दही से बनाया गया हेयर मास्क रूसी को कम करने में बेहद फायदेमंद होता है। यह स्कैल्प को पोषण देकर खुजली और जलन जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में भी मदद करता है।
मेथी और दही से कैसे बनाएं हेयर मास्क?
मेथी और दही से हेयर मास्क तैयार करने के लिए सबसे पहले 2 चम्मच मेथी दाना लें। अब इसे मिक्सर में बारीक पीसकर पाउडर बना लें। इसके बाद इस पाउडर को आधा कप दही में मिलाएं और 4 घंटे के लिए ढककर रख दें। इससे मेथी पूरी तरह फूल जाएगी।
बालों में कैसे लगाएं मेथी और दही का मास्क?
बालों में मेथी और दही का मास्क लगाने से पहले इस मिश्रण को अच्छी तरह मिला लें। अब इसे हल्का चलाकर स्कैल्प और बालों की जड़ों पर लगाएं। करीब आधे घंटे तक ऐसे ही रखने के बाद बालों को साफ पानी से धो लें। आप इसे सप्ताह में दो बार तक लगा सकते हैं। यह काफी फायदेमंद होता है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।
