Crow Intelligence Study: बचपन में हम सभी ने प्यासे कौवे की कहानी सुनी है, जिसमें कौवा बहुत प्यासा होता है और पानी की तलाश करता है। उसे एक घड़ा मिलता है, लेकिन उसमें पानी बहुत नीचे होता है। ऐसे में उसके लिए सीधे पानी पीना संभव नहीं होता। इसके बाद कौवा आसपास पड़े कंकड़ उठाकर घड़े में डालता है और घड़े का पानी धीरे-धीरे ऊपर आ जाता है। फिर कौवा पानी पीकर अपनी प्यास बुझा लेता है।

बचपन में इस कहानी में कौवे को मास्टरमाइंड बताया जाता था, लेकिन अब कौवों को लेकर यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन (University of Washington) ने अपने शोध में खुलासा किया है कि कौवे सिर्फ चालाक ही नहीं, बल्कि वे दुश्मनी भी उतनी ही शिद्दत से निभाते हैं। शोध के मुताबिक, अगर आप कौवे को मारते हैं या फिर किसी जगह से भगाते हैं, तो वह आपके चेहरे को 20 साल तक याद रखकर आपसे दुश्मनी निभा सकते हैं।

17 साल तक चला शोध

अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन के वैज्ञानिकों ने 2005 में एक अनोखा अध्ययन शुरू किया। इस दौरान शोध में शामिल टीम के कुछ सदस्यों ने खास तरह के रबर का मास्क पहनकर कौवों को पकड़ा और उन्हें परेशान किया। वहीं, टीम के दूसरे सदस्य सामान्य मास्क पहनते थे और उन्होंने कौवों को परेशान नहीं करते थे।

शोध में क्या दिखा?

शोध में यह दिखा कि खतरनाक मास्क पहनने वाले और कौवों को परेशान करने वाले लोग जब भी बाहर जाते, तो कौवे उन्हें पहचानकर आक्रामक हो जाते थे और उन्हें देखते ही ऊंची आवाज में शोर मचाने लगते थे। यहां तक कि कौवे परेशान करने वाले लोगों पर झपटते और उनका पीछा भी करते थे। वहीं, सामान्य मास्क पहनने वाले लोगों को कौवे परेशान नहीं करते थे।

आपस में झुंड बनाते हैं कौवे

शोध में यह भी पता चला कि जिन कौवों को परेशान नहीं किया गया था, वे भी उन कौवों के साथ शामिल हो गए और सभी मिलकर परेशान करने वालों को परेशान करने लगे। शोधकर्ताओं को इससे पता चला कि कौवे अपनी जानकारी दूसरे कौवों तक पहुंचाते हैं।

कौवे के अलावा ये भी पक्षी करते हैं गुस्सा

मालूम हो कि कौवा ही अकेला ऐसा पक्षी नहीं है, जो दुश्मनी निभाता है। दरअसल, दुनिया में कई ऐसे पक्षी हैं, जो दुश्मनी को शिद्दत से निभाते हैं। इसमें ऑस्ट्रेलियन मैगपाई (Australian Magpie), नॉर्दर्न मॉकिंगबर्ड (Northern Mockingbirds), कनाडा गीज (Canada geese), सीगल और रेड-विंग्ड ब्लैकबर्ड भी इसी तरह व्यवहार करते हैं।