भीषण गर्मी का मौसम अपने चरम पर है। चुभती-जलती धूप ने लोगों के हाल बेहाल बना रखे हैं। बच्चे भी गर्मियों की छुट्टी में घर के अंदर बंद रहने को मजबूर हैं। हालांकि, आपको बता दें कि बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के बीच भारत की कई जगह ऐसी भी हैं, जहां इस महीने में भी बर्फ देखी जा रही है। जीं हां, आप चाहें तो गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए इन खूबसूरत जगह का रुख कर सकते हैं। यहां हम आपको ऐसी जगहों के बारे में बता रहे हैं, जहां इस मौसम में भी आप स्नोफॉल या बर्फ से ढके पहाड़ों का आनंद ले सकते हैं।
रोहतांग पास
जहां राजधानी दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में सूरज आग बरसा रहा है, वहीं हिमाचल के रोहतांग पास में आपको इस महीने में भी बर्फ से ढके पहाड़ देखने को मिल जाएंगे। ये जगह इतनी ठंडी होती है कि आप जून के महीने भी यहां बिना स्वेटर या जैकेट के नहीं रह सकते हैं, साथ ही यहां का नजारा आपको पल भर में सारी स्ट्रेस भुला देने के लिए काफी है। ऐसे में अगर आप सुकून के कुछ पल बिताना चाहते हैं, तो आप रोहतांग पास का रुख कर सकते हैं।
द्रास
द्रास भारत में सबसे ठंडे स्थानों में से एक है, जो लद्दाख के कारगिल शहर में स्थित है। बता दें कि यहां सर्दियों में तापमान माइनस 45 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिर जाता है, तो गर्मी में भी आपको ठंडक और बर्फ का आनंद मिल सकता है। इस जगह की यात्रा करने का सबसे अच्छा समय ही जून से सितंबर तक का है। ऐसे में आप खुद को कूल करने के लिए द्रास का रुख कर सकते हैं।
स्पीति
इन सब से अलग आप स्पीति घूमने का प्लान भी बना सकते हैं। यहां भी आपको गर्मियों के मौसम में भी पहाड़ों पर बर्फ जमी हुई नजर आएगी। यही कारण है कि मई-जून के महीने में भी यहां मौसम ठंडा रहता है। यहां स्पीति नदी के किनारे आप कैंपिंग का लुत्फ उठा सकते हैं, साथ ही यहां का धनकर झील ट्रेक का व्यू भी आपको धरती पर जन्नत का एहसास दिलाएगा।
आप इन 3 बेहद खूबसूरत जगहों पर पहुंचकर अपनी गर्मी की छुट्टियों को यादगार बना सकते हैं।