त्वचा में हर दिन लाखों सेल्स बनते हैं। इन्हीं सेल्स के जरिए त्वचा रीन्यू होती। त्वचा पर डेड स्किन सेल्स के चिपके रहने से स्किन का निखार खो जाता है। गर्मियों के मौसम में कई बार पसीने और नए सेल्स की वजह से मृत कोशिकाएं स्किन से चिपक जाती हैं। वैसे तो ज्यादातर ये मृत कोशिकाएं नहाते वक्त शरीर से अलग हो जाती हैं लेकिन कई बार इन्हें हटाने के लिए स्क्रब की जरूरत पड़ती है। ऐसे में आप मार्केट से स्क्रब खरीदने की जगह घर पर बने नेचुरल स्क्रब की मदद ले सकते हैं। यह प्राकृतिक स्क्रब स्किन को अच्छे-से एक्सफोलिएट करने के साथ ही उसे हेल्दी और ग्लोइंग भी बनाते हैं।

कॉफी का स्क्रब: कॉफी का स्क्रब सबसे बेहतरीन माना जाता है। इसे बनाने के लिए आधी चम्मच कॉफी में आधा चम्मच ब्राउन शुगर मिला लें। फिर इसमें आधा चम्मच शहद मिलाएं। अब हल्के हाथों से चेहरे पर सर्कुलर मोशन में मसाज करें। 5-10 मिनट तक मसाज करने के बाद स्किन को सादे पानी से धो लें। इससे आपके चेहरे पर मौजूद सभी डेड स्किन सेल्स खत्म हो सकते हैं।

एलेवोरा से बनाएं स्क्रब: इसके लिए एलोवेरा जेल में एक चम्मच बारीक पिसा हुआ चावल और एक चम्मच शहद मिलाएं। चेहरे पर लगाकर कुछ देर के लिए मसाज करें। बाद में सादे पानी से स्किन को धो लें। एलोवेरा त्वचा के लिए किसी रामबाण से कम नहीं है। यह कई तरह की स्किन प्रॉब्लम्स को दूर करने में मदद करता है।

चीनी और शहद: चीनी का इस्तेमाल मिठाइयां बनाने के लिए किया जाता है, लेकिन साथ ही यह सौंदर्य को निखारने में भी कारगर है। इसके लिए चीनी में शहद को मिला लें। फिर इसे अपने चेहरे पर लगाकर मसाज करें। इससे आपको खूबसूरत और खिली-खिली त्वचा मिल सकती है।

इस तरह तैयार करें अखरोट का स्क्रब: इसके लिए अखरोट को ब्लेंडर में पीस लें। फिर इसमें शहद मिलाएं। अखरोट एक परफेक्ट एक्सफोलिएटर के रूप में काम करता है। यह त्वचा से मृत कोशिकाओं को हटाता है। करीब 5-10 मिनट तक मसाज करने के बाद स्किन को सादे पानी से धो लें। इससे आपको निखरी त्वचा मिल सकती है।