दुनियाभर में पीरियड (Menstruation) यानी मासिक धर्म को लेकर तमाम तरह की धारणाएं हैं। खानपान से लेकर साफ-सफाई और फिजिकल रिलेशन को लेकर तमाम तरह की सलाह दी जाती है, लेकिन इनमें से ज्यादातर सुझाव के पीछे कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है। अधिकतर सलाह मिथक हैं। इन्हीं में से एक प्रचलित धारणा है कि पीरियड के दौरान महिलाओं को सिंदूर (Vermilion) नहीं लगाना चाहिए।

नोएडा के फेलिक्स हॉस्पिटल की वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. चारू यादव, Jansatta.com से बातचीत में कहती हैं कि पीरियड को लेकर इस तरह के तमाम मिथक (Myths) प्रचलित हैं। सिंदूर का ही उदाहरण ले लें। हो सकता है कि पहले जो सिंदूर आते हों उसमें कुछ ऐसा केमिकल हो जो नुकसान पहुंचा सकता हो। लेकिन आजकर ऐसे सिंदूर आ रहे हैं, जिसमें केमिकल जैसी चीजें होती ही नहीं हैं। ऐसे में इस बात का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है कि पीरियड में सिंदूर लगाने से कोई समस्या हो सकती है।

डॉ. चारू कहती हैं कि ठीक इसी तरह नहाने से जुड़ा एक और बड़ा मिथ प्रचलित है। कुछ लोग कहते हैं कि माहवारी के दिनों में न तो नहाना चाहिए और न ही बाल धोना चाहिए। इस तर्क का कोई मतलब नहीं है। पीरियड के दिनों में आप जितनी साफ-सफाई रखेंगी, हाइजीन का ख्याल रखेंगी, वो आपके लिए लाभदायक है। यह तो स्वभाविक सैनिटरी प्रोसेस है, आप रोज नहा रहे हो और रोज साफ हो रहे हो।

क्या फिजिकल नहीं होना चाहिए?

वह कहती हैं कि पीरियड के दिनों में शारीरिक संबंध यानी फिजिकल रिलेशन को लेकर भी कई बातें कही जाती हैं। पीरियड के दौरान सर्विक्स खुली होती है। इस दौरान फिजिकल रिलेशन से इंफेक्शन का चांस रहता है, जो यूट्रस तक जा सकता है। लेकिन पूरी सावधानी के साथ, रिलेशन बनाना चाहें तो इसमें कोई मनाही नही हैं।

क्या खट्टी चीजों से परहेज करना चाहिए?

कुछ लोग पीरियड के दिनों में खट्टी चीजें खाने या छूने से भी मना करते हैं। हालांकि इस तर्क के पीछे भी कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है और मिथक ही है। डॉक्टरों के मुताबिक खट्टी चीजों और पीरियड का आपस में कोई लेना देना नहीं है। यह आपके उपर निर्भर है कि आपको क्या पसंद है। प्रयास यही होना चाहिए कि हेल्दी चीजें डाइट में शामिल करें। जंक फूड से बचें। ठीक इसी तरह, यह आप पर निर्भर करता है कि पीरियड के दिनों में आप पूजा-पाठ करना चाहती हैं या नहीं। कोई बंदिश नहीं है।