पूजा के बर्तन से लेकर भारतीय रसोई में तांबे के बर्तनों का बड़े पैमाने पर उपयोग होता है। खासकर पूजा में तो तांबे का उपयोग जरूर होता है। वहीं, समय के साथ ये बर्तन काले पड़ जाते हैं, जिससे इनकी चमक कम होने लगती है। कई लोग तांबे के बर्तनों को साफ करने के लिए बाजार में मिलने वाले केमिकल का उपयोग करते हैं, जो नुकसानदायक भी हो सकते हैं। ऐसे में आप इसे एकदम नेचुरल तरीके से आम के छिलके से क्लीन कर सकते हैं।
आम के छिलके से साफ करें तांबे का बर्तन
तांबे के बर्तनों को साफ करने के लिए आप सबसे पहले इसे गुनगुने पानी से धो लें, जिससे इस पर मौजूद धूल-मिट्टी हट जाए। अब आप आम के छिलके को लें और इसकी भीतरी हिस्से को काले पड़े बर्तन पर रगड़ें। आम के छिलके को बर्तन पर तब तक रगड़ें, जब तक कि उसका रस अच्छे से बर्तन पर लग न जाए। अब बर्तन को 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें। अब स्क्रबर या ब्रश की मदद से उसे धो लें। आप इसे कुछ समय के लिए धूप में भी सूखा लें।
आम के छिलके से तांबे के बर्तन को धोने से क्या होता है?
- इसमें कोई केमिकल नहीं होता है, जिसके कारण यह पूरी तरह सुरक्षित रहता है।
- इसके उपयोग के बाद किसी भी केमिकल वाले क्लीनर की जरूरत नहीं होती है।
- आम के छिलके से बर्तन को साफ करने के बाद इसकी चमक लंबे समय तक बनी रहती है।
आम के छिलके के साथ मिलाएं नमक या बेकिंग सोडा
अगर आप तांबे के बर्तनों को और भी अधिक चमकदार और नया जैसा साफ करना चाहते हैं, तो इसके साथ नमक और बेकिंग सोड़ा का उपयोग कर सकते हैं। दरअसल, आम के छिलके में नेचुरल एसिड होते हैं, जो नमक और बेकिंग सोड़ा के साथ मिलकर जिद्दी से जिद्दी दाग को आसानी से हटा देते हैं। इसे साफ करने के लिए बर्तन पर पहले लगाएं और कुछ समय के लिए उसे छोड़ दें। अब स्क्रबर से हल्के हाथों से रगड़ें और साफ पानी से क्लीन कर लें। इस तरह भी आप तांबे के बर्तन को आसानी से साफ कर सकते हैं।