उत्तर प्रदेश में अगले साल विधासनभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सूबे में सियासी सरगर्मियां बढ़ गई हैं। खासकर पश्चिमी यूपी में खूब हलचल देखने को मिल रही है। पश्चिमी यूपी के जो नेता अक्सर चर्चा में रहते हैं, उनमें संगीत सोम का नाम भी शुमार है। मेरठ की सरधना सीट से बीजेपी के विधायक संगीत सोम ने 2017 के चुनाव के वक्त जो हलफनामा दिया था, उसमें अपनी प्रॉपर्टी और देनदारी का भी जिक्र किया था।

2017 में दिये हलफनामे के मुताबिक तब संगीत सोम कुल 31 करोड़ रुपये से अधिक (31,06,56,322) की संपत्ति के मालिक थे। जबकि उनपर दो करोड़ रुपये से अधिक (2,37,35,534) की देनदारी थी।

तब उन्होंने जो ब्योरा दिया था, उसके मुताबिक उनके पास 1 लाख 55 हजार रुपए नकद थे। जबकि बैंक खातों में 81 लाख 28 हजार 218 रुपए जमा थे। पत्नी के बैंक खातों में मौजूद राशि को मिलाने के बाद परिवार के बैंक खातों में कुल 81 लाख 47 हजार 206 रुपए थी। (जानें ओमप्रकाश राजभर की संपत्ति)

मर्सिडीज के मालिक: 2017 में दी जानकारी के मुताबिक तब संगीत सोम के नाम एक मर्सिडीज कार भी थी, जिसकी कीमत 35 लाख 58 हजार 646 रुपए बताई गई थी। परिवार के नाम पर कुल 51 लाख 58 हजार 646 रुपए की गाड़ियां थीं।

संगीत सोम ने बताया था कि उनके पास 54 ग्राम सोना था, जिसकी तब के मूल्य के अनुसार 1 लाख 51 हजार 200 रुपए कीमत बताई गई थी। जबकि उनकी पत्नी के पास 4 लाख 20 हजार 720 रुपए की ज्वेलरी थी। (जानें धनंजय सिंह की संपत्ति)

8 साल में 20 गुना से अधिक बढ़ी थी संपत्ति: संगीत सोम के पुराने हलफनामों पर नजर डालें तो उनकी संपत्ति में एक तरीके से इजाफा ही हुआ है। संगीत सोम ने साल 2009 में मुजफ्फरनगर से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। Myneta पर मौजूद डाटा के मुताबिक तब उन्होंने चुनाव आयोग को बताया था कि वे करीब डेढ़ करोड़ (1,64,90,000) की संपत्ति के मालिक हैं। साल 2009 में सोम के पास कोई गाड़ी नहीं थी।

2012 में कितनी थी संपत्ति? संगीत सोम ने 2012 का विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। तब उन्होंने अपने हलफनामें में बताया था कि उनके पास 20 करोड़ रुपये से अधिक (20,22,61,775) की प्रॉपर्टी थी। 2012 में उनके और उनके परिवार के पास कुल दो गाड़ियां थीं, जिनकी कीमत 28 लाख 35 हजार 210 रुपए बताई गई थी। (जानें साक्षी महाराज की संपत्ति)

इस तरह संगीत सोम के 2009 से लेकर 2017 तक के आखिरी हलफनामें पर नजर डालें और तुलना करें तो इन 8 सालों के दौरान उनकी संपत्ति में 20 गुना से ज्यादा का इजाफा हुआ था।