चर्चित रेसलर ‘द ग्रेट खली’ का आज जन्मदिन है। उन्हें देश ही नहीं पूरी दुनिया में लोग पहचानते हैं। हालांकि की खली के जीवन में एक वक्त ऐसा भी था जब उन्हें बचपन में आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा और मजबूरी में पत्थर तोड़ कर गुजारा किया। 7 फुट 1 इंच लंबे खली का असली नाम दलीप सिंह राणा है। वह इकलौते भारतीय हैं जिन्होंने वर्ल्ड हैवीवेट रेसलिंग (WWE) चैंपियनशिप जीतकर एक अलग पहचान बनाई। अब खली अपनी ऐकेडमी में भारत से नये नये वर्ल्ड चैंपियन तैयार कर रहे हैं।
बचपन में तोड़े पत्थर: खली का जन्म 27 अगस्त 1972 में हिमाचल प्रदेश के धिरियाना गांव में एक पंजाबी हिन्दू राजपूत परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम ज्वाला रमा और मां का नाम तांडी देवी है। बहुत कम लोग जानते हैं कि खली का बचपन बहुत ही गरीबी में बीता है। जब बचपने में खाने के लिए पैसे नहीं थे तो पत्थर तोड़ कर उन्होंने अपना गुजारा किया है। फिर सिक्युरिटी गार्ड का भी काम किया। यहाँ काम करते हुए पंजाब पुलिस के एक अधिकारी की उन पर नज़र पड़ी जिसके बाद उनकी जिंदगी बदल गई।
कैसे बनें दलीप सिंह राणा “द ग्रेट खली”? : 1993 में खली ने पंजाब पुलिस की नौकरी ज्वाईन कर ली लेकिन खली को तो कुछ और ही बनना था। उनका रुझान रेसलिंग की तरफ था और इसकी ट्रेनिंग शुरू कर दी। साल 2000 में अमेरिका में रेसलिंग की शुरुआत की और कई मुकाबले अपने नाम किये। 2006 में WWE का हिस्सा बने जिसके बाद दलीप सिंह राणा के लिए एक अच्छे नाम की तलाश शुरू हुई। इसके बाद ही उनका नाम द ग्रेट खली रखा गया। 2006 में वे विश्व प्रसिद्ध रैसलर अंडरटेकर को पटखनी देखर छा गये थे।
ऐसी है डाइट: खली अपनी डाइट में रोज 20 अण्डे, 3 किलो के करीब चिकन और 4 लीटर दूध लेते हैं। साल 2010 में बिग बॉस में शामिल खली अब तक कई हॉलीवुड और बॉलीवुड की फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। वे फिल्म The Longest Yard, Get Smart और कुश्ती जैसी फिल्मों में नज़र आ चुके हैं। इन दिनों वे जालंधर में अपनी रेसलिंग की ऐकेडमी चलाते हैं। उनके कई स्टूडेंट WWE में सेलेक्ट भी हो चुके हैं। उन्हें उम्मीद है कि अगले जन्मदिन तक भारत को एक और WWE का वर्ल्ड चैंपियन मिलेगा।