Chhath Puja 2025: सूर्य देव और छठी मइया को समर्पित छठ पूजा को बिहार सहित पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है। हालांकि, अब छठ पूजा देश से बाहर नेपाल और अमेरिका में भी मनाई जाने लगी है। चार दिनों तक चलने वाले इस व्रत में व्रती कड़े नियमों का पालन करते हैं। इस दौरान सूर्योदय और सूर्यास्त के समय व्रती भगवान सूर्य देव को अर्घ्य भी देते हैं।

छठ पर सूर्य को दिया जाता है अर्घ्य

दरअसल, छठ में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। ऐसे में आप देश के कई सूर्य मंदिरों में जाकर इस दिन दर्शन कर सकते हैं। हम इस लेख में देश में मौजूद कुछ प्रमुख सूर्य मंदिरों के बारे में बता रहे हैं, जहां आप आसानी से दर्शन कर सकते हैं। इस दिन सूर्य मंदिर में दर्शन करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

बिहार का सूर्य मंदिर (Sun Temple Bihar)

बिहार में छठ महापर्व को बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। यहां पर छठ की अलग ही रौनक देखने को मिलती है। ऐसे में आप छठ पूजा का नजारा देखने बिहार भी जा सकते हैं। दरअसल, देश के 12 सूर्य मंदिरों में से नौ अकेले बिहार में स्थित हैं।

देवार्क मंदिर, औरंगाबाद

औरंगाबाद में स्थित देवार्क मंदिर काफी प्रसिद्ध है। यह मंदिर बिहार के औरंगाबाद जिले के देव नामक स्थान पर स्थित है और भगवान सूर्य को समर्पित है। पूरे देश में मौजूद सूर्य मंदिरों में यह अनोखा है क्योंकि इसके दरवाजे पूरब की ओर नहीं, बल्कि पश्चिम दिशा की ओर हैं।

दक्षिणार्क सूर्य मंदिर, गया

बिहार के गया जी में भी एक फेमस सूर्य मंदिर है, जिसे दक्षिणार्क सूर्य मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। यह मंदिर भी भगवान सूर्य को समर्पित है। यहां छठ पूजा के समय काफी भव्य आयोजन किया जाता है। श्रद्धालु यहां सूर्य देव की पूजा-अर्चना करने के लिए दूर-दूर से आते हैं। ऐसे में आप भी यहां जाकर छठ पूजा देख सकते हैं।

कोणार्क सूर्य मंदिर, ओडिशा (Konark Sun Temple)

छठ पूजा के मौके पर अगर आप बिहार या उत्तर प्रदेश नहीं जा पाए हैं, तो आप ओडिशा जा सकते हैं। यहां भी छठ की जबरदस्त रौनक देखने को मिलती है। ओडिशा के कोणार्क में स्थित सूर्य मंदिर विश्व प्रसिद्ध है। यह मंदिर भगवान सूर्य को समर्पित है। इसकी संरचना एक विशाल रथ के आकार में बनाई गई है, जिसमें 24 पहिए हैं और इसे सात घोड़े खींच रहे हैं। ये पहिए साल के 12 महीनों और 24 घंटे का प्रतीक हैं।

रांची का सूर्य मंदिर (Sun Temple, Ranchi)

झारखंड में भी एक प्रसिद्ध सूर्य मंदिर है, जो राजधानी रांची से करीब 39 किलोमीटर दूर बुंडू नामक स्थान पर स्थित है। यह मंदिर देखने में ओडिशा के कोणार्क सूर्य मंदिर जैसा दिखता है। मकर संक्रांति और छठ पूजा के दौरान यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।