चुकंदर का उपयोग किचन में सब्जी बनाने से लेकर कई तरह से किया जाता है। इसका सेवन सेहत के लिए फायदेमंद होता ही है, साथ ही साथ यह स्किन को भी पिंक ग्लो देता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन A, C और आयरन पाए जाते हैं, जो त्वचा की रंगत निखारने और दाग-धब्बे कम करने में मदद करते हैं।

वहीं, आज-कल चुकंदर का उपयोग स्किन केयर में भी बड़े पैमाने पर होने लगा है। चुकंदर का फेस पैक हो या फिर चुकंदर का सीरम, इसे कई तरीकों से इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में इस आर्टिकल में हम आपको चुकंदर को चेहरे पर लगाने के कुछ खास उपाय बताएंगे, जिन्हें आप फॉलो कर सकते हैं।

चेहरे पर लगाएं चुकंदर का पेस्ट

आप चुकंदर के पेस्ट को सीधे चेहरे पर आसानी से लगा सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले चुकंदर को धोकर उसका छिलका हटा लें। अब उसे टुकड़ों में काट लें। इन टुकड़ों को मिक्सर में डालकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को आप सीधे चेहरे पर लगा सकते हैं। इसे चेहरे पर लगाने के करीब 30 मिनट बाद स्किन को माइल्ड फेस वॉश से अच्छी तरह साफ कर लें।

चुकंदर के रस को चेहरे पर लगाएं

चुकंदर का रस निकालकर आप इसे चेहरे पर आसानी से लगा सकते हैं। इसके लिए चुकंदर का रस निकालें और एक कॉटन बॉल की मदद से चेहरे पर हल्के हाथों से लगाएं। इसे लगाने के 15 मिनट बाद चेहरे को साफ पानी से धो लें। अगर आपकी स्किन अधिक ड्राई है, तो आप इसमें नारियल तेल या गुलाबजल भी मिला सकते हैं। इससे त्वचा में नमी बनी रहती है और ग्लो भी बढ़ता है।

चुकंदर और दही का फेस पैक

चुकंदर को आप दही के साथ मिलाकर भी लगा सकते हैं। इसके लिए चुकंदर के पेस्ट में दो चम्मच दही और आधा चम्मच बेसन मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। अब इसे चेहरे पर 15 मिनट तक लगाकर रखें। यह पैक त्वचा को टाइट करता है और नेचुरल पिंक टोन लाने में मदद करता है।