फैशन की बात आए, तो ज्यादातर महिलाएं सीजन और ट्रेंड के हिसाब से अपने कपड़ों का चुनाव करती हैं। स्प्रिंग सीजन अपने चरम पर है। बसंत ऋतु में शादी-समारोह हो या फिर कोई पार्टी हर महिला स्टाइलिश और फैशनेबल दिखना चाहती है। ऐसे में सीजन के हिसाब से अपने वॉर्डरोब में महिलाएं ऐसे शेड्स के आउटफिट शामिल कर सकती हैं।
रंगों और शेड्स को लेकर फैशन डिजाइनर्स की अलग-अलग राय है। फैशन डिजाइनर ध्रुव बंडवाल ने कुछ ऐसे शेड्स का जिक्र किया है, जिनमें महिलाएं काफी खूबसूरत लगेंगी।
पीला रंग: हिंदू धर्म में पीले रंग को बहुत-ही शुभ माना जाता है। किसी भी पूजा की शुरुआत पीले रंग के कपड़े पहनने से होती है। भगवान को भी पीले रंग के चंदन का तिलक लगाया जाता है। ऐसे में महिलाएं किसी भी शादी या पार्टी में येलो कलर के आउटफिट को अपने वॉर्डरोब में शामिल कर सकती हैं।
फिरोजी ब्लू: स्प्रिंग के सीजन में फिरोजी ब्लू कलर बेहद ही कूल अहसास दिलाता है। इस रंग में शरारा स्टाइल साड़ी के साथ आप क्रॉप टाप या फिर डबल लेयर ब्लाउज कैरी कर सकती हैं। यह रंग नई-नबेली दुल्हन पर बेहद ही खूबसूरत लुक देता है। अगर इस कलर के कपड़े में मोती जड़े हों, तो आप इसमें बेहद ही ग्लैमरस लगेंगी।
मिंटो शेड: मिंट ग्रीन शेड दिखने में बेहद ही खूबसूरत लगता है। यह फिरोजी और हरे रंग को मिलाकर बनता है। यह कलर आपको प्रकृति के करीब लेकर जाता है। इस शेड के कपड़ों के साथ आप गोल्ड झुमके पहन सकती हैं।
पाउड पिंक और पाउडर ब्लू रंग: स्प्रिंग सीजन में सबसे ज्यादा पाउडर पिंक और पाउडर ब्लू रंग ट्रेंड में रहता है। यह बेहद ही नरम शेड होता है, जो आंखों को सुकून देता है। इस रंग का कोई भी आउटफिट आपको काफी ट्रेंडी लुक देगा। आप इस शेड के सूट, साड़ी और कुर्तियां अपने वॉर्डरोब में शामिल कर सकती हैं।
लाइम ग्रीन: लाइम ग्रीन रंग ज्यादा भड़कीला नहीं होता। बल्कि यह आपको बेहद ही क्लासी लुक देता है। आप इस रंग के आउटफिट को बोहो चिक लाइम पलाजो के साथ कैरी कर सकती हैं। इसके अलावा स्कर्ट के साथ भी इस रंग के टॉप काफी फबते हैं।
