योगगुरु बाबा रामदेव 55 साल की उम्र में भी जितने फिट और सक्रिय दिखते हैं, बहुत कम लोग ही इस उम्र के साथ ऐसी फिटनेस बरकरार रख पाते हैं। रामदेव ने योग के माध्यम से अपने शरीर को तंदरुस्त रखा है साथ ही उनका एक खास डाइट चार्ट भी है जो उन्हें स्वस्थ रखने में मदद करता है। वो प्राकृतिक तरीके से खुद को स्वस्थ रखने में विश्वास रखते हैं और अपने योग के जरिए लोगों को भी यही शिक्षा देते हैं।
रामदेव सुबह ब्रह्म बेला में ही 3:30 बजे उठ जाते हैं। वो सबसे पहले गर्म पानी के साथ आंवला और एलोवेरा का जूस पीते हैं। वो नियमित रूप से गाय के दूध का सेवन करते हैं। स्नान आदि के पश्चात रामदेव हर रोज आधा लीटर गाय का दूध पीते हैं। बाबा रामदेव सुबह का नाश्ता नहीं करते और दिन में केवल दो बार ही भोजन करते हैं।
भूख से अधिक भोजन करना मनुष्य की सुस्त बनाता है और मोटापे की तरफ ले जाता है। बाबा रामदेव अक्सर यह कहते हैं कि मनुष्य को जितना भूख हो, उतना ही खाना चाहिए और वो स्वयं भी इसका पालन करते हैं। सुबह के 10 बजे ही वो लंच कर लेते हैं जिसमें वो दो रोटी, सब्जी और चावल लेते हैं।
अक्सर डॉक्टर्स हमें सलाह देते हैं कि रात का खाना सोने से करीब 3 घंटे पहले खाना चाहिए ताकि नींद अच्छी आए और पाचन तंदरुस्त बना रहे। बाबा रामदेव भी रात का भोजन सात से आठ बजे के बीच कर लेते हैं। वो रात के खाने में बस दो रोटी और हरी सब्जियों के साथ दही खाते हैं।
बाबा रामदेव के फिटनेस रूटीन की बात करें तो वो अपने योग शिविर में जाने से पहले आधा घंटा वॉर्म अप करते हैं। वो स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करते हैं। इसके बाद वो अपने योग शिविर में दौड़कर जाते हैं जो कि उनके निवास से 1 किमी दूरी पर है।
जहां आजकल की लाइफस्टाइल में लोगों को बेड पर जाने के बाद नींद का घंटों इंतजार करना पड़ता है, वहीं बाबा रामदेव कहते हैं कि उन्हें बेड पर जाने के कुछ मिनटों बाद ही नींद आ जाती है।