Fitness tips, Exercise tips, Bosu ball exercise, Arjun Kapoor fitness tips, How to do bosu ball exercise, Bosu ball exercise benefits: अपनी फिटनेस बरकरार रखने के लिए लोग हर तरह के नए-नए प्रयास करते रहते हैं। फिटनेस का सबसे चुनौतीपूर्ण रूप होता है किसी साधारण से एक्सरसाइज को किसी खास ट्विस्ट के साथ पूरा करना। इस क्रम में फिल्मी सितारे भी पीछे नहीं हैं, पानीपत फेम एक्टर अर्जुन कपूर भी अपने फिटनेस को लेकर बेहद सजग रहते हैं। 34 वर्षीय एक्टर अर्जुन एक समय में वजन संबंधी कई समस्याओं से जूझ रहे थे, पर अब जिमिंग और व्यायाम करके उन्होंने अपने वजन को काफी हद तक काबू कर लिया है। हाल में ही अर्जुन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो अलग तरह के व्यायाम करते नजर आए।
बोसू बॉल करने का किया प्रयास: अर्जुन के इस वीडियो में वो बैटल रोप्स पर अपने हाथ आजमाते दिखे जबकि एक अन्य वीडियो में बोसू बॉल करने की कोशिश कर रहे हैं। बैटल रोप्स करने से शरीर में जमे फैट को बर्न करने में मदद मिलती है। इसके अलावा, ये एक तरह का मसल बिल्डिंग एक्सरसाइज है जिससे मांसपेशियों को मजबूती मिलती है। वहीं, बोसू बॉल माउंटेन क्लाइंबर्स एक्सरसाइज दिखने में आसान लेकिन बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। ये एक्सरसाइज शरीर के सारे हिस्सों को सक्रिय बनाता है। आधे कटे बॉल के ऊपर लोग बैलेंस ट्रेनिंग करते हैं, साथ ही एबडॉमिनल और बैक स्ट्रेचिंग के लिए भी ये व्यायाम फायदेमंद है।
कैसे किया जाता है बोसू बॉल माउंटेन क्लाइंबर्स एक्सरसाइज: दिखने में भले ही ये एक्सरसाइज आसान नजर आए लेकिन इसे करना बहुत ही चुनौतीपूर्ण है। ‘दी इंडियन एक्सप्रेस’ की एक खबर के अनुसार, इस व्यायाम को करने के लिए जिस तरह पुश अप्स करते हैं उस पोजीशन में आ जाएं। अपने हाथों को बोसू बॉल पर रखें और एक पैर को दोनों बाजुओं के बीच पेट के पास रखें। अब अपने ऊपरी शरीर का भार बोसू बॉल पर देकर अपने दोनों पैर के घुटनों को छाती के तरफ आगे-पीछे करें। इस एक्सरसाइज को तब तक जारी रखें जब तक आपके सेट्स कंप्लीट नहीं हो जाते। वहीं, 1 मिनट तक आप अपने स्पीड को जितना तेज करेंगे, उतना ही ये एक्सरसाइज आपके लिए कारगर साबित होगा।
क्या हैं बोसू बॉल के फायदे: खबर के मुताबिक बोसू बॉल समतल नहीं होता, ऐसे में ये एक्सरसाइज करने से चोट और कमर दर्द से जल्दी आराम मिलता है। इसके अलावा, ये व्यायाम करना कार्डियक सिस्टम यानि कि हमारे दिल के सेहत को भी बेहतर बनाता है। बोसू बॉल करने से आपके मसल्स ज्यादा प्रभावी बनते हैं जो आपको अधिक सतर्क बनाने में मदद करते हैं। इसके अलावा मसल्स की मजबूती और उसका नियंत्रण बढ़ाने में भी ये एक्सरसाइज असरदार है। साथ ही, इसको करने से शरीर अधिक लचीला भी बनता है।
