गर्मियां आते ही लोगों को सबसे ज्यादा इंतजार आम का रहता है। शायद ही कोई होगा जिसे गर्मियों में मीठा, रसीला आम खाना पसंद न हो। किसी को आम का शेक पसंद होता है तो कोई इससे आइस्क्रीम बनाकर खाता है। लेकिन क्या आपको पता है आपके जीभ का ये स्वाद आपको बीमार भी कर सकता है। इन दिनों बाजार में आम आना शुरू हो गए हैं। धीरे-धीरे इनकी कई वैराइटी बाजार में उपलब्ध होंगी। लेकिन आम का सीजन शुरू होते ही इसमें केमिकल का खेल भी शुरू हो गया है। हाल में ही गोवा के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने 180 क्रेट आम और लगभग 450 किलोग्राम केले जब्त किए। इन्हें केमिकल से पकाए जाने का संदेह है। जांच के लिए नमूने लेब में भेजे गए हैं। ऐसी घटनाएं सामने आने के बाद लोगों को सर्तक होने की जरूरत है। ऐसे में यहां हम आपको केमिकल से पके आम को पहचान करने के 7 आसान तरीके बताने जा रहे हैं।

केमिकल से पके आम खाने के नुकसान (side effects of chemical ripened mangoes)

केमिकल से पकाए गए आमों को खाने से आपको पेट दर्द, सिर दर्द, उल्टी जैसे साइड इफेक्ट झेलने पड़ सकते हैं। इसके अलावा ये आम आपकी आंखों की रोशनी भी छीन सकते हैं।

केमिकल वाला आम कैसे पहचानें? (how to identify chemical ripened mangoes)

बेकिंग सोडा

पानी में थोड़ा बेकिंग सोडा डालें। इसमें 15-20 मिनट के लिए आम डाल दें। फिर आमों को बाहर निकाल कर धो लें। ऐसा करने से अगर आम का रंग बदल जाए, तो ये आम पॉलिश या केमिकल से पके हो सकते हैं।

छिलके का रंग

केमिकल से पके आमों का रंग एक जैसा होता है। वह प्राकृतिक रूप से पके आमों की तुलना में ज़्यादा पीले या नारंगी दिखाई देते हैं। उनमें चमक भी ज्यादा होती है।

आम की खुशबू

जो आम प्राकृतिक रूप से पके होते हैं उनमें मीठी और फलों जैसी खुशबू आती है। वहीं केमिकल से पके आमों में अलग सी महक होती है।

निशान देखें

आमों में खरोंच या धब्बे हैं, तो उन्हें खरीदने से बचें। ये इंजेक्शन या रसायन के दाग हो सकते हैं। प्राकृतिक आमों में बाहरी दाग ​​होने की संभावना कम होती है।

स्वाद से करें पहचान

केमिकल से पके आमों का स्वाद फीका या अजीब हो सकता है। जबकि प्राकृतिक तौर पर पके आमों को खाने के बाद मुंह का स्वाद अच्छा ही रहता है।

पानी में डालें

आमों की जांच करने के लिए आप उसे पानी की एक बाल्टी में डालें। अगर आम डूब जाते हैं, तो वे स्वाभाविक रूप से पके हुए हैं। अगर वे तैरते हैं, तो उन्हें कृत्रिम रूप से पकाया गया है।

माचिस की तीली

अल्फांसो मैंगो वेबसाइट (Alphonso Mango website) के अनुसार, माचिस की तीली को जलाकर आम के डिब्बे के पास ले जाएं। अगर उस में रासायनिक उपचार किया गया है, तो वह आग पकड़ सकती है। आम के पास ले जाने पर यह सतह पर चमक के निशान छोड़ सकती है।