Sattu Recipe: चने से तैयार सत्तू पोषक तत्वों का भंडार होता है। इसमें प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, आयरन और मैग्नीशियम जैसे जरूरी मिनरल्स होते हैं। इसे खाने से शरीर को तुरंत ऊर्जा मिलती है। यह स्किन और हेयर के लिए भी लाभकारी होता है। इसके इतने अद्भुत फायदे जानकर आप भी इसे खाना जरूर चाहेंगे। लेकिन अगर आप भी इस बात को लेकर कंफ्यूज हैं कि सत्तू से क्या बना सकते हैं तो यहां हम आपके लिए एक-दो नहीं सत्तू से बनने वाले 5 चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं।

सत्तू और गुड़ के लड्डू

अगर आपको मीठा खाना पसंद है तो आप सत्तू में गुड़ मिलाकर लड्डू बना सकते हैं। इसे बनाना भी बेहद आसान है। सबसे पहले बाउल में 200 ग्राम सत्तू, ½ कप देसी घी और 400 ग्राम पिसा हुआ गुड़ लें। इसके बाद सभी को मिलाकर मिश्रण तैयार कर लें। अब अपनी पसंद के आकार के लड्डू बनाएं।

सत्तू कबाब

सुबह नाश्ते में आप सत्तू से कबाब बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले 1 कप धुली मूंग को 2 घंटे के लिए भिगो दें। इसके बाद इसे ¼ सोया चंक्स, 1 इंच अदरक, 4-6 लहसुन की कलियां और धनिया पत्ती के साथ दरदरा पीस लें। सभी चीजों को मिक्सिंग बाउल में डालें। फिर 4 बड़े चम्मच सत्तू मिलाएं। ऊपर से ½ छोटा चम्मच धनिया पाउडर, ½ छोटा चम्मच गरम मसाला, नमक, काली मिर्च और एक चुटकी हल्दी पाउडर डालें। सभी चीजों को अच्छे से मिलाकर कबाब का आकार दें। फिर सुनहरा भूरा होने तक तलें।

सत्तू चीला

नाश्ते के लिए आप सत्तू से चीला भी तैयार कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए गहरा मिक्सिंग बाउल लें। इसमें 6 बड़े चम्मच सत्तू डालें। फिर 4 छोटे चम्मच बेसन, 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर डालें। फिर स्वादानुसार नमक और काली मिर्च डालें। ऊपर से 1 कटा हुआ प्याज, 3-4 लहसुन, 1 छोटा चम्मच नींबू का रस डालें। इसके बाद 2 बड़े चम्मच दही डालें। इसमें पानी या छाछ छालें। नॉन-स्टिक तवे पर चीला बनाने के लिए इस मिश्रण को फैलाएं। तेल लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक पकाएं। हरी चटनी या केचप के साथ गरमागरम परोसें।

सत्तू भर्ता

बैंगन का भर्ता तो आपने खाया होगा लेकिन क्या कभी आपने सत्तू से भर्ता बनाया है। यह बेहद स्वादिष्ट लगता है। इसे बनाने के लिए ½ कप सत्तू लें। इसमें 1 कटा प्याज, 1 बारीक कटी हरी मिर्च डालें। फिर 3-4 कटे हुए लहसुन की कलियां डालें। 2 बड़े चम्मच नींबू का रस मिलाएं। स्वादानुसार नमक और काली मिर्च डालें। सरसों के तेल, जीरा और काली सरसों के बीज का तड़का लगाएं।

सत्तू और धनिया की चटनी

खाने के साथ आप सत्तू की चटनी भी ट्राई कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए 50 ग्राम धनिया पत्ती लें। इसमें 4-6 लहसुन की कलियां डालें। ऊपर से 2 बड़े चम्मच सत्तू, 1 इंच अदरक डालें। स्वादनुसार नमक मिलाएं। 2 हरी मिर्च, 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस और 2 बड़े चम्मच दही के साथ ब्लेंड करें।

उम्मीद है ये खबर आपको पसंद आई होगी, इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें: सिर्फ 1 लीटर दूध से बनाएं मुंह में घुलने वाला Milk Cake, दानेदार और सॉफ्ट बनाने के लिए फॉलो करें शेफ कुणाल कपूर की ये रेसिपी