Summer flowers: जून के महीने में गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। ऐसे में इंसान से लेकर जानवर हर कोई परेशान है। वहीं पेड़-पौधे भी कई बार बहुत ज्यादा गर्म मौसम होने की वजह से सूखने लगते हैं। अगर आप गार्डनिंग के शौकीन हैं तो आपको जून के महीने में उन फूल वाले पौधों को घर में लगाना चाहिए। जो गर्म मौसम और तेज धूप भी आसानी से सह लें।
रंग-बिरंगे फूल न केवल देखने में अच्छे लगते हैं बल्कि उन्हें निहार कर कई बार दिल को सुकून सा महसूस होता है। हम यहां ऐसे 5 पौधों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें लगाने में न तो ज्यादा मेहनत लगेगी बल्कि इसपर जब रंग-बिरंगे फूल आएंगे तो आपका दिल गार्डन-गार्डन हो जाएगा। आइए जानते हैं इसके बारे में।
गुड़हल
गुड़हल के फूल देखने में बहुत सुंदर लगते हैं। लोग इन्हें अपने घर-आंगन में लगाना पसंद करते हैं। इसके लाल और पीले फूलों को देखकर दिल खुश हो जाता है।
गुलमोहर
अगर आपका गार्डन बड़ा है तो आप गुलमोहर का पौधा गर्मियों में अपने गार्डन में लगा सकते हैं। लाल-नारंगी रंग छटा से सभी का ध्यान खींचता है। बड़ा होने के बाद इसकी छांव को आनंद देगी। वहीं सुंदरता मन मोह लेगी।
गेंदा
गेंदे के फूल का इस्तेमाल पूजा-पाठ और मांगलिक कार्यों में सबसे ज्यादा होता है। यह पौधा कम पानी और अधिक धूप में भी आसानी से उग जाता है। इसे आप छोटे गमले या गार्डन कहीं भी लगा सकते हैं।
पेटुनिया
पेटुनिया को गर्मी में लगाया जा सकता है। यह पौधा तेज धूप में भी अच्छे से खिलता है। इसके फूलों की खुशबू सुहाबनी होती है। वहीं इसके रंग भी बहुत सुंदर लगते हैं।
झीनिया
गर्मी में उगने वाला झीनिया फूल लंबी अवधि तक खिला रहता है। विभिन्न रंगों और आकारों में मिलने वाले झीनिया आपके गार्डन को निखार सकते हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
फूलों वाले पौधे देखने में बेहद सुंदर लगते हैं। गर्मी के मौसम में आप घर या गार्डन में यहां बताए पौधे लगा सकते हैं। बस पौधों को सुबह या शाम को पानी देना ना भूलें। गमलों में नारियल की भूसी या पत्तियों की परत बिछाकर मिट्टी की नमी को बनाए रखें।
