Heat wave safety tips: गर्मी ने प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। भीषण गर्मी से हर कोई बेहाल नजर आ रहा है। सूखते कंठ और झुलसता शरीर इन दिनों परेशानी का सबब बन रहा है। लू के धपेड़े और चिलचिलाती धूप से परेशान होकर जब लोग घर पहुंचते हैं तो अपने-अपने हिसाब से राहत पाने की कोशिश करते हैं। लेकिन आपकी कुछ गलतियां सेहत पर भारी पड़ सकती हैं। हमारी कुछ आदतें भी गर्मियों में हमें बीमार कर सकती हैं। ऐसे में अपनी इन गलत आदतों में बदलाव करके आप इस मौसम में भी स्वस्थ्य रह सकते हैं। इसके लिए आपको पता होना चाहिए कि धूप से आने के बाद तुरंत क्या करना चाहिए और क्या नहीं। आइए जानते हैं इसके बारे में।

गलती नंबर- 1 फ्रिज का ठंडा पानी

अक्सर लोग तेज धूप से घर वापस आते ही फ्रिज से ठंडा पानी निकालकर पीना शुरू कर देते हैं। ऐसा करना आपकी सेहत खराब कर सकता है। क्योंकि ऐसा करने से शरीर में सर्द-गर्म हो सकता है। इसलिए घर आने के बाद शरीर का तापमान कमरे के तापमान के बराबर होने का इंतजार करें। साथ ही धूप से आने के बाद ठंडे पानी की बजाय नार्मल पानी पिएं।

गलती नंबर- 2 एसी की ठंडी हवा

भीषण गर्मी और तपती दोपहर से परेशान होकर जब लोग अपने घर पहुंचते हैं तो राहत पाने के लिए तुरंत एसी चालू कर लेते हैं। ये गलती आपको नहीं करनी है। एसी की ठंडी हवा आपको आराम तो महसूस करवाएगी लेकिन इससे बीमार होने का खतरा बढ़ जाएगा। इसलिए जब भी आप धूप से लौटें तो कुछ देर शरीर को तापमान को सामान्य होने दें और फिर कूलर-एसी में बैठें।

गलती नंबर- 3 घर आते ही नहाना

धूप और गर्मी की वजह से लोगों को इन दिनों बहुत पसीना आता है। ऐसे में घर जाते ही लोग बाथरूम में नहाने चले जाते हैं। आपकी यह आदत आपको बीमार कर सकती है। जब आप बाहर होते हैं तो धूप या गर्मी की वजह से शरीर का तापमान बढ़ जाता है। ऐसे में ठंडे पानी की वजह से बॉडी टेंपरेचर बिगड़ सकता है। ऐसा करने से आपको सर्दी-जुकाम हो सकता है।

गलती नंबर- 4 खाना शुरू कर देना

धूप में रहने की वजह से शरीर में पानी की कमी होने लगती है। शरीर में डिहाइड्रेशन होने की वजह से कई लोगों को भूख जैसा अनुभव होता है। ऐसे में लोग घर आते ही कुछ न कुछ खाने लग जाते हैं। बीमार होने से बचने के लिए आपको ये आदत बदलनी होगी। गर्मी से लौटने के बाद आपको तुरंत फ्रिज से निकालकर कुछ नहीं खाना चाहिए।