आंध्र प्रदेश की मशहूर यूट्यूबर शेफ मस्तानम्मा का 107 साल की उम्र में निधन हो गया। मस्तानम्मा अपनी खाना पकाने की शैली के कारण इंटरनेट पर मशहूर थी। सबसे उम्रदराज़ यूट्यूबर अपने कुकिंग वीडियो के साथ रिकॉर्ड तोड़ने के लिए प्रसिद्ध थी। आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के गुड़ीवाड़ा में रहने वाली मस्तानम्मा के यूट्यूब चैनल का नाम कंट्री फूड्स था जिस पर वह अलग-अलग व्यंजनों के पकाने की वीडियो बनाकर डालती थीं। लोग उनके खाना पकाने के तरीके को खासा पसंद करते हैं।
मस्तानम्मा अक्सर राज्य में आसानी से उपलब्ध फ्लेवर का उपयोग करके व्यंजन बनाती थीं और उनके वीडियो अपने चैनल पर अपलोड करतीं थी। उनके चैनल के 1.2 मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर हैं। मस्तानम्मा द्वारा बनाए गए डिशेज में स्वादिष्ट अंडा डोसा, फिश फ्राइ, बैंबू चिकन बिरयानी आदि शामिल हैं।
उनके यूट्यूब चैनल को उनका पड़-पोते, के. लक्ष्मण मैनेज करता है, जो अम्मा द्वारा बनाए गए भोजन को ‘made by my grandma(मेरी दादी द्वारा बनाए गए)’ के नाम से वर्णन करता है।
मस्तानम्मा द्वारा बनाए गए देसी परंपरागत व्यंजनों के वीडियो हमेशा सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। कुछ खास डिशेज ऐसी रही हैं जिन्होंने मस्तानम्मा को मशहूर बनाया। इनमें वॉटरमेलन चिकन, ऐमू के अंडे की करी और तेलुगू बैंगन का भर्ता आदि शामिल हैं।
