ZIM vs GA: गाम्बिया के खिलाफ आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप सब रिजनल अफ्रीका क्वालिफायर ग्रुप बी 2024 के मुकाबले में जिम्बाब्वे ने इतिहास रच दिया। इस टीम ने कप्तान सिकंदर रजा की नाबाद 133 रन की तूफानी पारी के दम पर पहले खेलते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 344 रन बनाए।
सिकंदर रजा ने जिम्बाब्वे के लिए टी20आई का पहला शतक लगाया और इस टीम के लिए बेस्ट व्यक्तिगत पारी खेलने का भी कमाल किया। रजा का भी टी20आई में ये पहला शतक रहा और जिम्बाब्वे ने टी20आई क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाने का भी कमाल किया। इस मैच में रजा की कप्तानी में उनकी टीम को 290 रन की जीत मिली जो टी20आई इतिहास में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत भी रही।
पारी में 15 छक्के लगाकर रजा ने बनाया यह खास रिकॉर्ड
इस मैच में सिकंदर रजा ने गाम्बिया के खिलाफ 43 गेंदों पर नाबाद 133 रन की पारी खेली और उन्होंने अपना शतक 33 गेंदों पर पूरा किया। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 309.30 का रहा। रजा ने अपनी पारी के दौरान 15 छक्के और 7 चौके भी लगाए और इन छक्कों की मदद से वो जिम्बाब्वे की तरफ से टी20आई की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए।
टी20आई क्रिकेट की बात करें तो इसकी एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड साहिल चौहान के नाम पर दर्ज है जिन्होंने इसी साल में साइप्रस के खिलाफ अपनी पारी के दौरान 18 छक्के लगाए थे, लेकिन रजा अपनी पारी में 15 छक्के लगाकर टी20आई की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में जीशान कुकीखेल के साथ संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर आ गए। जीशान ने ये कमाल साल 2022 में ऑस्ट्रिया के खिलाफ किया था और कुल 15 छक्के लगाए थे।
टी20आई में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के
18 – साहिल चौहान – बनाम साइप्रस, एपिस्कोपी, 2024
16 – हजरतुल्लाह जजई – बनाम आयरलैंड, देहरादून, 2019
16 – फिन एलन – बनाम पाकिस्तान, डुनेडिन, 2024
15 – सिकंदर रजा बनाम गाम्बिया, नैरोबी, 2024
15 – जीशान कुकीखेल – बनाम ऑस्ट्रिया, लोअर, ऑस्ट्रिया, 2022