Highest T20I Score By A Team: जिम्बाब्वे ने 23 अक्टूबर 2024 को नैरोबी के रुआराका स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर इतिहास रचा। उसने टी20 इंटरनेशनल का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। जिम्बाब्वे ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप सब रीजनल अफ्रीका क्वालिफायर ग्रुप बी के मैच में गाम्बिया के खिलाफ 20 ओवर में 4 विकेट पर 344 रन बनाये। यह पुरुष टी20 इंटरनेशनल में किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है।
इससे पहले यह रिकॉर्ड नेपाल के नाम था। नेपाल ने 27 सितंबर 2023 को मंगोलिया के खिलाफ 20 ओवर में 3 विकेट पर 314 रन बनाये थे। टी20 इंटरनेशनल में अब तक सिर्फ नेपाल और जिम्बाब्वे ने ही 300 या उससे ज्यादा रन का स्कोर किया है। टी20 इंटरनेशनल मैच में सबसे बड़ा स्कोर बनाने के मामले में भारत तीसरे नंबर पर है। भारत ने 12 अक्टूबर 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ 20 ओवर में 6 विकेट पर 297 रन बनाये थे।
सिकंदर रजा ने 43 गेंद की पारी में ठोके 15 छक्के
जिम्बाब्वे की ओर से कप्तान सिकंदर रजा ने 33 गेंद में शतक लगाया। वह जिम्बाब्वे के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले सिकंदर रजा ने 20 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था। इसका मतलब है कि उन्होंने अगले 50 रन तक पहुंचने के लिए सिर्फ 13 गेंदें खेलीं। सिकंदर रजा 7 चौके और 15 छक्के की मदद से 43 गेंद में 133 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे।
सिकंदर रजा के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज तदिवानाशे मरुमानी, ब्रायन बेनेट और क्लाइव मडांडे ने गाम्बिया के गेंदबाजों की जमकर बखिया उधेड़ी। उनके साथी क्लाइव मडांडे ने 17 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने कितनी तेज बल्लेबाजी की इसका अंदाजा इस बात से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसके सिर्फ एक बल्लेबाज ने 200 से कम (ब्रायन बेनेट/192.31) के स्ट्राइक रेट से रन बनाये।
5 बल्लेबाजों ने बनाये 220 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन
ब्रायन बेनेट के अलावा जिम्बाब्वे के हर बल्लेबाज ने 220 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाये। तदिवानाशे मरुमानी ने 9 चौके और 4 छक्के की मदद से 19 गेंद में 62 रन बनाये। डायोन मायर्स एक चौके और एक छक्के की मदद से 5 गेंद में 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रेयान बर्ल (Ryan Burl) ने 3 चौके और एक छक्के की मदद से 11 गेंद में 25 रन की पारी खेली। गाम्बिया के मूसा जोबारतेह 4 ओवर में 93 रन लुटा कर सबसे महंगे गेंदबाज बने। इससे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में श्रीलंका के कसुन रजिता ने 4 ओवर में 75 रन दिये थे।